महेश ने 2.9 किलो और सरस्वती देवी ने 1.9 किलो दही खा जीता ईनाम
शहर के कतिरा मोड़ स्थित सुधा डेयरी में 'दही खाओ-ईनाम पाओ' प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। पुरुष वर्ग में महेश कुमार ने 2.9 किलो दही खाकर पहला पुरस्कार जीता, जबकि महिला वर्ग में सरस्वती देवी ने 1.92 किलो दही खाकर पहला पुरस्कार प्राप्त किया।

-शहर के कतिरा स्थित सुधा डेयरी में दही खाओ-ईनाम पाओ प्रतियोगिता में पहुंचे दो सौ से अधिक लोग -कसाप के महेश कुमार और दुल्हिनगंज की सरस्वती देवी ने पिछले साल भी जीता था पहला ईनाम आरा, एक संवाददाता। शहर के कतिरा मोड़ के पास स्थित सुधा डेयरी परिसर में शनिवार को दही खाओ-ईनाम पाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग में सबसे अधिक दही खाने वाले तीन-तीन प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि एसपी राज, डेयरी के एमडी धनंजय कुमार, शाबाहाद दुग्ध उत्पादक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार और एडीएम बलदेव चौधरी की मौजूदगी में आयोजन हुआ।
प्रतियोगिता में बिहार व झारखंड समेत अन्य राज्यों से करीब दो सौ प्रतिभागियों ने भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में उदवंतनगर प्रखंड के कसाप के गांव निवासी महेश कुमार सिंह ने निर्धारित तीन मिनट में 2.9 किलो दही खाकर पहला ईनाम जीता। पिछले साल भी इस प्रतियोगिता में महेश ने 2.72 किलो दही खाकर पहला पुरस्कार जीता था। वहीं चासी के उदय कुमार चौधरी ने 2.64 किलो दही खाकर दूसरा पुरस्कार और चरपोखरी के रामप्रताप सिंह ने 2.5 किलो दही खाकर तीसरा पुरस्कार जीता है। वहीं महिला वर्ग में दुल्हिनगंज की सरस्वती देवी ने तीन मिनट में 1.92 किलो दही खाकर पहला पुरस्कार जीता है। पिछले साल भी सरस्वती देवी ने 2.19 किलो दही खाकर महिला वर्ग में पहला पुरस्कार जीता था। जबकि, आरा की सुनीता देवी ने 1.650 किलो दही खाकर दूसरा और आरा की साक्षी कुमारी ने 1.46 किलो दही खाकर तीसरा पुरस्कार जीता है। दही खाने के लिए तीन मिनट का समय निर्धारित था। डेयरी के प्रबंध निदेशक धनंजय कुमार ने दही के उपयोग से होने वाले लाभ की जानकारी देते हुए कहा कि सुधा की गुणवता पर ग्राहकों का अटूट विश्वास है। अध्यक्ष अजय यादव ने कहा कि सुधा पुरी शुद्धता के साथ सभी ग्राहकों के स्वास्थ्य का भी ख्याल रखता है। सुधा के दूध, दही व अन्य उत्पाद को उपयोग में लाने पर भी बल दिया। एसपी राज जी ने सुधा के उत्पादों की गुणवत्ता और शाहाबाद दुग्ध संघ के कार्यों की सराहना की। विजेताओं को पुरस्कार व प्रसश्ति पत्र दिया। प्रतियोगिता के लिए महिला व पुरुष को अलग-अलग दो श्रेणी में रखा गया था। प्रत्येग वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिया गया। संघ के प्रबंध निदेशक ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी पदाधिकारियों व कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


