ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार आरा भोजपुर में डाबर का नकली पुदीन हरा बनाने का भंडाफोड़, गिरफ्तार

भोजपुर में डाबर का नकली पुदीन हरा बनाने का भंडाफोड़, गिरफ्तार

भोजपुर के शाहपुर में डाबर कंपनी का नकली पुदीन हरा बनाने का भंडाफोड़ हुआ है। शाहपुर स्थित एक शृंगार स्टोर में पुदीन हरा की गोली व अर्क तैयार किया जा रहा था। इसी नकली उत्पाद की सप्लाई पूरे इलाके में की...

 भोजपुर में डाबर का नकली पुदीन हरा बनाने का भंडाफोड़, गिरफ्तार
हिन्दुस्तान टीम,आराFri, 26 Oct 2018 11:39 AM
ऐप पर पढ़ें

भोजपुर के शाहपुर में डाबर कंपनी का नकली पुदीन हरा बनाने का भंडाफोड़ हुआ है। शाहपुर स्थित एक शृंगार स्टोर में पुदीन हरा की गोली व अर्क तैयार किया जा रहा था। इसी नकली उत्पाद की सप्लाई पूरे इलाके में की जा रही थी। इसका भंडाफोड़ गुरुवार को डाबर कंपनी व स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद हुआ। इस मामले में गोविंद धानुक नामक एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। वह शृंगार स्टोर के मालिक का बेटा है। साथ ही भारी मात्रा में पुदीन हरा का अर्क, गोली, स्टिकर, खाली शीशी व रैपर बरामद किये गये हैं। इस सिलसिले में शाहपुर थाने में गोविंद धानुक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। डाबर इंडिया लिमिटेड के अधिकारी रणजीत सिंह व चंद्रेश्वर सिंह ने बताया कि पिछले छह माह से नकली पुदीन हरा का अर्क बनाया जा रहा था। इससे कंपनी को लाखों रुपये का चूना लग रहा था। स्थानीय विक्रेताओं की शिकायत पर मामले की जांच की गयी। इस आधार पर स्पष्ट हुआ कि शाहपुर से बना हुआ माल आरा सहित आसपास के बाजारों में सप्लाई किया जा रहा है। इसके बाद शाहपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष तेजनारायण सिंह के सहयोग से वार्ड संख्या आठ स्थित एक शृंगार स्टोर में छापेमारी की गयी। इस स्टोर से दौरान 900 खाली शीशी, नकली पुदीन हरा अर्क भरी 12 सौ शीशी और 12 हजार 250 स्टिकर बरामद किये गये हैं।

नकली उत्पाद बनाने में शामिल अन्य लोगों की पहचान में जुटी पुलिस

शाहपुर में डाबर कंपनी का नकली उत्पाद तैयार करने में कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। इसकी जानकारी गिरफ्तार गोविंदा धानुक ने पुलिस की पूछताछ में दी। उसने बताया कि उसे किसी व्यक्ति द्वारा उक्त माल तैयार करने के लिए खाली शीशी स्टिकर व पुदीन हरा बनाने के लिए पावडर दिया गया था। हालांकि उसने यह नहीं बताया कि नकली पुदीन हरा बनाने के लिए किसने सामग्री मुहैया करायी। पुलिस उससे पूछताछ कर इस धंधे में शामिल लोगों के बारे में जानकारी लेने का प्रयास कर रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि धंधे में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

बरामद पुदीन हरा के अर्क व दवाओं की होगी जांच

डाबर कंपनी के नकली उत्पाद बनाने का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गयी है। अब पुलिस बरामद पुदीन हरा के अर्क व दवाओं की जांच करायेगी। शाहपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष तेज नारायण सिंह ने बताया कि जब्त नकली पुदीन हरा की शीशी व उसके भीतर की दवाओं की जांच करने के लिए सैंपल लिया गया है। उसे पटना विधि विज्ञान प्रयोग प्रयोगशाला में भेजा जायेगा।

---------------

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें