Hindi NewsBihar NewsAra NewsBrutal Murder of Fertilizer Seller in Jadhopur Village Sparks Outrage and Protests
खाद दुकानदार की धारदार हथियार से हत्या, शव उठाने से रोका

खाद दुकानदार की धारदार हथियार से हत्या, शव उठाने से रोका

संक्षेप:

-तीयर थाना क्षेत्र के जादोपुर गांव में शुक्रवार की रात हुई घटना , तीयर थाना क्षेत्र के जादोपुर गांव में शुक्रवार की रात हुई घटना -गांव स्थित मुसहरी स्थित मैदान से शनिवार की सुबह मिला शव

Dec 13, 2025 09:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, आरा
share Share
Follow Us on

-तीयर थाना क्षेत्र के जादोपुर गांव में शुक्रवार की रात हुई घटना -गांव स्थित मुसहरी स्थित मैदान से शनिवार की सुबह मिला शव -गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को ले ग्रामीणों ने की सड़क जाम -एसडीपीओ के नेतृत्व में हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस -वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से भी की जा रही तफ्तीश -फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची, जुटाये महत्वपूर्ण साक्ष्य आरा/बिहिया। हिन्दुस्तान संवाददाता भोजपुर के तीयर थाना क्षेत्र के जादोपुर गांव में शुक्रवार की रात एक खाद दुकानदार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनका शव शनिवार की सुबह गांव में स्थित मुसहरी टोला मैदान के पास एक अर्द्धनिर्मित मकान के पीछे से बरामद किया गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सर फटा था और खून निकल रहा था। इस कारण सर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या करने की बात कही जा रही है। मृत दुकानदार जादोपुर गांव निवासी सिद्धनाथ सिंह के 42 वर्षीय पुत्र परमात्मा सिंह उर्फ अरविंद सिंह थे। वे गांव में ही खाद की दुकान चलाते थे और खेती करते थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे वे घर से निकले थे और सुबह उनका शव बरामद हुआ। घटनास्थल से उनका मोबाइल, देसी शराब के पाउच और खाने-पीने के कुछ सामान भी मिले हैं। ऐसे में खाने-पीने के विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में भी यही बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस पूर्व की रंजिश और जमीन विवाद सहित अन्य एंगल से भी छानबीन कर रही है। हालांकि परिजनों की ओर से किसी तरह की दुश्मनी से इनकार किया गया है। इस कारण हत्या का कारण फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। इधर, पुलिस अधीक्षक राज की ओर से हत्याकांड में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर विशेष टीम गठित कर दी गई है। वहीं, शनिवार की सुबह दुकानदार की हत्या की खबर से सनसनी मच गयी। सूचना मिलने पर तीयर थानाध्यक्ष राजीव रंजन पुलिस बल के साथ पहुंचे। एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा भी पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी गई। वैज्ञानिक और तकनीकी जांच की मदद ली जा रही है। इसके लिए एफएसएल की टीम भी बुलायी गयी थी। टीम की ओर से घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य भी संकलित किये गये हैं। वहीं, दुकानदार के मोबाइल की भी गहन जांच की जा रही है। इधर, हत्या से ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को शव उठाने से रोक दिया गया। हत्यारों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतर गये। आक्रोशित ग्रामीणों की ओर से आईटीआई मोड़ के पास रोड जाम कर दिया गया। इससे करीब घंटे भर आवागमन बाधित रहा। बाद में एसपी राज के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ और आवागमन बहाल हो सका। तब पुलिस की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मोबाइल के जरिए ग्रामीणों से बातचीत के दौरान एसपी की ओर से आश्वासन दिया गया कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -------------- दुकान से आने के बाद रात में घर से निकले दुकानदार, सुबह मिला शव -स्थानीय अधिकारियों के मान मनौव्वल के बाद नहीं बनी बात, तो एसपी ने किया संपर्क -आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले शव उठाने से रोका, फिर कर दिया रोड जाम आरा/बिहिया, हि.सं.। खाद दुकानदार परमात्मा सिंह की हत्या और शव बरामदगी के बाद शनिवार को काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले तो पुलिस को डेड बॉडी ले जाने से रोक दिया। इसके बाद हत्या में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर शव के रोड भी जाम कर दिया। इससे देर तक गहमागहमी बनी रही। घटनास्थल पर मौजूद एसडीपीओ, बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष के मान-मनौव्वल के बाद भी ग्रामीण शव उठने नहीं दे रहे थे। तब एसडीपीओ की ओर से मोबाइल के जरिए पुलिस अधीक्षक से बात की गयी। तब एसपी की ओर से ग्रामीणों से बात कर कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया गया। तब मामला शांत हो सका। इधर, दुकानदार के छोटे भाई आत्मा सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम वे दुकान से घर आए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे वे घर से बाहर निकले थे, लेकिन फिर नहीं लौटे। शनिवार की सुबह ग्रामीणों से सूचना सूचना मिली कि उनका शव मुसहर टोली स्थित मैदान के नजदीक एक अर्द्धनिर्मित मकान के पीछे में पड़ा है। छोटे भाई आत्मा सिंह की ओर से बताया गया कि पूर्व में कुछ विवाद हुआ था, लेकिन वह मामला खत्म हो गया था। आत्मा सिंह के अनुसार उनके बड़े भाई का गांव में किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। बताया जा रहा है कि दुकानदार अपने दो भाई और एक बहन में बड़े थे। उनके परिवार में मां प्रभावती देवी, पत्नी मनी देवी, पुत्री रिया कुमारी और पुत्र सुमंत कुमार सिंह है। घटना के बाद उनके घर में रोना-धोना मचा है। मां प्रभावती देवी और पत्नी मनी देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।