Hindi NewsBihar NewsAra NewsBihar PSC Preliminary Exam Conducted Peacefully Amidst High Attendance and Strict Monitoring

बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य ज्ञान के प्रश्नों ने किया परेशान

-बिहार से जुड़े सवालों में भी उलझ कर रह गये अभ्यर्थी, परीक्षा केंद्र पर शनिवार को कतारबद्ध छात्राएं

Newswrap हिन्दुस्तान, आराSat, 13 Sep 2025 09:20 PM
share Share
Follow Us on
बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य ज्ञान के प्रश्नों ने किया परेशान

-बिहार से जुड़े सवालों में भी उलझ कर रह गये अभ्यर्थी आरा। निज प्रतिनिधि आरा सदर के 28 और जगदीशपुर अनुमंडल के छह केंद्रों समेत कुल 34 केंद्रों पर बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हो गयी। आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा के दौरान केंद्रों पर मजिस्ट्रेट से लेकर वीक्षक कदाचारमुक्त संचालन को ले चौकस नजर आये। परीक्षा के दौरान किसी केंद्र से कदाचार की कोई शिकायत नहीं मिली। इधर, परीक्षा में 70 प्रतिशत उपस्थिति रही। परीक्षा शुरू होने के ढाई घंटे पहले यानी सुबह 9:30 बजे से परीक्षार्थियों की पूरी तरह जांच के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गयी।

इंट्री के समय भी एडमिट कार्ड के बारकोड की स्कैनिंग भी जा रही थी। महिला परीक्षार्थियों के लिए अलग कक्ष अथवा घेरायुक्त स्थल की व्यवस्था की गयी थी। परीक्षा हॉल में 11 बजे तक परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। इसके बाद प्रवेश व परीक्षा में भाग लेने की अनुमति नहीं थी। स्थिति यह रही कि 11 बजे गेट बंद कर दिया गया। एक से पांच मिनट विलंब से पहुंचे अभ्यर्थियों को भी प्रवेश नहीं मिला। अभ्यर्थी जाम में फंसे रहने की गुहार लगाते रहे, लेकिन निदान नहीं निकला। कई केंद्रों पर कुछ अभ्यर्थी विलंब से पहुंचे थे। उड़नदस्ता टीम ने भी तमाम केंद्रों की औचक जांच की। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी थी। केंद्र पर जैमर भी लगाये गये थे। सीसीटीवी से आयोग भी निगरानी कर रहा था। परीक्षा दोपहर 12:00 से 2:00 बजे तक एक पाली में ली गयी। इधर, एक-दो केंद्रों पर कुछ अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक हाजिरी नहीं बनी। इस कारण अभ्यर्थियों ने परीक्षा के बाद हंगामा खड़ा किया। हालांकि बाद में केंद्र ने आयोग से इस मामले पर बात होने की बात कह शांत कराया। सामान्य ज्ञान के सवालों ने अभ्यर्थियों को किया परेशान परीक्षा के दौरान प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को खूब छकाया। इस बार सामान्य ज्ञान के प्रश्न काफी कठिन थे। कई प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को उलझा कर रखा। बता दें कि बिहार से जुड़े सवाल भी पूछे गए थे। बिहार के सवालों में भी बिहार के अभ्यर्थी उलझे दिखे। अभ्यर्थियों ने परीक्षा के बाद बताया कि उम्मीद से अधिक कठिन सवाल थे। यूपी से परीक्षा देने पहुंचे एक अभ्यर्थी ने बताया कि फरवरी 2025 में एआई एक्शन समिट किस शहर में आयोजित हुआ था? इस तरह के सवाल ने परेशान किया। सामान्य ज्ञान के लिए इस तरह के प्रश्नों को हल करने में अभ्यर्थियों के पसीने छूटे। इसके विकल्प बेंगलुरु, पेरिस, रोम व उपरोक्त में एक से अधिक दिए गए थे। वहीं फिल्मी दुनिया से भी सवाल पूछे गए थे। फिल्मी दुनिया के सवालों ने भी उलझा कर रखा। बिहार से जुड़े पूछे गए थे ये सवाल, कुछ थे आसान तो कुछ कठिन बिहार लोकसेवा आयोग की इस परीक्षा में बिहार से जुड़े सवाल भी थे। अभ्यर्थियों ने बताया कि निम्नलिखित में कौन सा पार्क या अभ्यारण्य बिहार में बाघ परियोजना के अंतर्गत आता है? इसके विकल्प थे वाल्मीकि राष्ट्रीय पार्क, उदयपुर वन्य जीव अभ्यारण्य भीमताल वन्यजीव अभ्यारण्य और इनमें से कोई नहीं। वहीं निम्नलिखित में कौन सा बिहार का राज्य पशु है? इसके विकल्प थे भैंस, बैल, गाय या घोड़ा। साथ ही कर्मनाशा नदी का उद्गम स्थल है..। इसके विकल्प थे पटना जिला, वैशाली जिला, कैमूर जिला और विक्रम जिला। बिहार संपूर्ण भारत का ... प्रतिशत पाइराइट उत्पादित करता है? इसके विकल्प थे 95%, 85% या 75%। वहीं बिहार के किस जिले में सोना पाया जाता है? इसके विकल्प थे नालंदा जिला, जमुई जिला, गया जिला और भागलपुर जिला। बिहार का अधिकांश भाग निम्नलिखित में से किस प्रकार की जलवायु के अंतर्गत आता है? विकल्प थे गर्म एवं शुष्क, उष्णकटिबंधीय, उपोष्ण कटिबंधीय और गर्म-शुष्क मरुस्थल। यूपी, दिल्ली सहित अन्य राज्यों से पहुंचे थे अभ्यर्थी जिले के केंद्रों पर सिर्फ बिहार के विभिन्न ज़िलों से ही नहीं, बल्कि यूपी, दिल्ली सहित अन्य राज्यों के भी कई ज़िलों से अभ्यर्थी पहुंचे थे। शहरी क्षेत्र और शहरी क्षेत्र के बाहर बने केंद्रों पर परीक्षार्थी अपने निजी वाहन से भी परीक्षा देने पहुंचे थे। शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी। किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए सादे लिबास में भी जवान तैनात रहे। उनकी ओर से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी। जाम की रही स्थिति परीक्षा समाप्त होने के बाद शहर की मुख्य सड़कों पर काफी देर तक जाम की स्थिति भी पैदा हुई। हालांकि जगह-जगह चौक-चौराहों पर पुलिस की व्यस्था की गयी थी। शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संपन्न होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली। स्टेशन पर उमड़ी भीड़ परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों में अपने घर जाने की आपाधापी नजर आई। परीक्षा में शामिल होने के लिए बिहार के अलग-अलग जिलों के अलावा अन्य राज्यों से परीक्षार्थी आये थे। अप और डाउन की तरफ जाने वाली ट्रेनों में परीक्षार्थियों की भीड़ रही।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।