भोजपुरी महोत्सव और बिहार दिवस पर कवि सम्मेलन व रंगारंग कार्यक्रम होंगे
वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में 21 और 22 मार्च को भोजपुरी महोत्सव और बिहार दिवस मनाया जाएगा। यह पहली बार है जब जिले में भोजपुरी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में कवि सम्मेलन, पारंपरिक...

- वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में 21 को भोजपुरी महोत्सव और 22 को बिहार दिवस मनाया जाएगा - जिले में पहली बार आयोजित हो रहा है भोजपुरी महोत्सव - तैयारी को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने की समीक्षा बैठक आरा, हमारे संवाददाता। भोजपुरी महोत्सव और बिहार दिवस पर कवि सम्मेलन व रंगारंग कार्यक्रमों की इस साल धूम रहेगी। वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में 21 मार्च को भोजपुरी महोत्सव और 22 मार्च को बिहार दिवस मनाया जाएगा। जिले में पहली बार भोजपुरी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसकी तैयारी को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम तनय सुल्तानिया ने मंगलवार को समीक्षा बैठक की। भोजपुरी महोत्सव एवं बिहार दिवस को भव्य एवं आकर्षक तरीके से मनाने की रूपरेखा तैयार की गई है। भोजपुरी भाषा एवं इसकी समृद्ध शैली को नई दिशा देने में यह कार्यक्रम सहायक होगा। भोजपुरी दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य भाषा एवं संस्कृति को बढ़ावा देना और इसकी लोक परंपराओं को सशक्त बनाना है। इस दौरान कवि सम्मेलन, पारंपरिक नृत्य- संगीत एवं भोजपुरी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न स्टॉलों का आयोजन किया जाएगा, जो इस महोत्सव के आकर्षण का केंद्र होगा। इस खास मौके पर प्रसिद्ध लोक गायिका प्रिया राज एवं अमन आनंद अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। बिहार दिवस का शुभारंभ स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी से किया जाएगा, जो राज्य की समृद्ध विरासत और गौरवशाली इतिहास का संदेश प्रसारित करेगी। इसके साथ ही जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र- छात्राओं के लिए चित्रांकन, पेंटिंग, निबंध, मेहंदी और क्विज का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। बिहार दिवस की संध्या पर दीपोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम बैठक में निर्णय लिया गया कि बिहार दिवस की संध्या पर दीपोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें स्कूली छात्र- छात्राओं एवं कलाकारों की ओर से मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस दौरान बिहार की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। -- विभिन्न विभागों के स्टॉल होंगे आकर्षण के केंद्र डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने विभागों की ओर से किये गये नये कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर आपातकालीन सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। एंबुलेंस, मेडिकल टीम, अग्निशमन वाहन, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल एवं अस्थायी शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिये गये हैं। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये। -- बैठक में ये रहे मौजूद बैठक में डीएम तनय सुल्तानिया, उप विकास आयुक्त डॉ. अनुपमा सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सत्य प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी आरा सदर रश्मि सिन्हा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी नीतीश कुमार, जिला योजना पदाधिकारी, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस रश्मि सिन्हा समेत कई मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।