Ara News: एसडीओ ने किया प्रखंड-अंचल कार्यालय का निरीक्षण
Ara News: भोजपुर डीएम मनेश कुमार मीणा के नौ सितंबर को संभावित दौरे की तैयारियों के तहत एसडीओ कृष्ण कुमार उपाध्याय ने सोमवार को कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मी अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता को सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने और सरकारी कार्यों में लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया।

Ara News: पीरो, संवाद सूत्र। भोजपुर डीएम मनेश कुमार मीणा के आगामी नौ सितंबर को पीरो के संभावित दौरे को लेकर सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण कुमार उपाध्याय ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण की स्थिति
एसडीओ के अचानक निरीक्षण से कार्यालय परिसर में तैनात कर्मियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी रही। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यालयों में संचालित कार्यों, कर्मियों की उपस्थिति और आम लोगों से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में प्रखंड कार्यालय में तैनात लिपिक कमला कांत अनुपस्थित पाए गए। वहीं आरटीपीएस काउंटर पर तैनात कार्यपालक सहायक विकास कुमार और संजीत कुमार भी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले।
कर्मियों की अनुपस्थिति
एसडीओ ने कर्मियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय में आने वाले लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने तथा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
कार्यालय व्यवस्था का सुधार
एसडीओ ने कार्यालय में लंबित मामलों की स्थिति की भी जानकारी ली और अधिकारियों एवं कर्मियों को अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा। बताया जाता है कि डीएम के संभावित निरीक्षण को लेकर अनुमंडल प्रशासन की ओर से प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी गई है। निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने अधिकारियों को साफ-सफाई और कार्यालय व्यवस्था बेहतर रखने का भी निर्देश दिया।


