Ara News: जगदीशपुर में जाम, अतिक्रमण और बेतरतीब मीट दुकानों पर सख्ती की तैयारी

हिन्दुस्तान, आरा
Follow us on Google News
share

Ara News: जगदीशपुर नगर पंचायत में भाजपा ने कार्यपालक पदाधिकारी के साथ जाम, अतिक्रमण, सीसीटीवी, मीट मार्केट और शौचालय की उपलब्धता पर चर्चा की। विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन मिला। बैठक में भूमिहीन परिवारों के लिए आवास की व्यवस्था और सेवानिवृत्त कर्मियों के भुगतान पर भी ध्यान दिया गया।

Ara News: जगदीशपुर में जाम, अतिक्रमण और बेतरतीब मीट दुकानों पर सख्ती की तैयारी

Ara News: भाजपा के सात सूत्री मांगपत्र पर ईओ से हुई लंबी वार्ता, सीसीटीवी, मीट मार्केट, वार्ड-18 के भूमिहीनों को पर्चा किला मैदान में शौचालय और सेवानिवृत्त कर्मियों के भुगतान समेत कई मुद्दों पर मिला सकारात्मक आश्वासन जगदीशपुर, निज संवाददाता। जगदीशपुर नगर की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल जाम, अतिक्रमण, मीट एवं मुर्गा की बेतरतीब दुकानें, सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता को लेकर शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय में लंबी बैठक हुई।

स्थानीय मुद्दों पर चर्चा

भाजपा के शिष्टमंडल ने कार्यपालक पदाधिकारी को सात सूत्री मांगपत्र सौंपते हुए नगर की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग की। बैठक में अधिकतर मुद्दों पर प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। बैठक में सबसे पहले नगर के विभिन्न इलाकों में संचालित मीट और मुर्गा दुकानों का मुद्दा उठाया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों में बेतरतीब ढंग से संचालित इन दुकानों से स्वच्छता और आम लोगों को परेशानी हो रही है। मांग की गई कि नगर पंचायत एक स्थान चिह्नित कर व्यवस्थित मीट मार्केट विकसित करे। इस पर कार्यपालक पदाधिकारी ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सुरक्षा व्यवस्था की मांगें

नगर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग रखी गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि कैमरे लगने से अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था और सार्वजनिक गतिविधियों की निगरानी भी आसान होगी। सदर बाजार में रोज लगने वाले जाम और अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। भाजपा नेताओं ने बताया कि कई सब्जी और ठेला दुकानदार सड़क पर 10 से 15 फीट तक दुकान फैलाकर अतिक्रमण कर रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। इस पर कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि बाजार के गणमान्य लोगों और दुकानदारों के साथ बैठक कर सर्वसम्मति से स्थायी समाधान निकाला जाएगा।

भूमिहीन परिवारों के लिए आवास

वार्ड संख्या 18 में रहने वाले भूमिहीन मुसहर परिवारों के लिए आवास की मांग पर कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि जिन परिवारों के पास रैयती जमीन नहीं है, उन्हें नियमानुसार पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि वे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। बैठक में वीर कुंवर सिंह किला मैदान में सार्वजनिक शौचालय के अभाव का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि शौचालय नहीं होने के कारण मैदान में आने वाले लोगों को भारी परेशानी होती है और खुले में पेशाब किए जाने से परिसर की स्वच्छता प्रभावित हो रही है। इस पर कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि शौचालय निर्माण का टेंडर हो चुका है और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके अलावा जल-जीवन-हरियाली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नगर पंचायत के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित सेवानिवृत्ति लाभ के भुगतान सहित कई अन्य जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कार्यपालक पदाधिकारी ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। भाजपा शिष्टमंडल का नेतृत्व विनय कुमार मिश्रा ने किया। प्रतिनिधिमंडल में ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष नागेंद्र कुमार केशरी, महिला नेत्री संध्या सिंह, मुरली प्रसाद केशरी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

बैठक में कौन से मुद्दों पर चर्चा की गई?
बैठक में जाम, अतिक्रमण, सीसीटीवी, मीट मार्केट और शौचालय की उपलब्धता पर चर्चा की गई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।