ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार आराआरा में लैब संचालकों की हड़ताल से मरीज रहे परेशान

आरा में लैब संचालकों की हड़ताल से मरीज रहे परेशान

ऑल इंडिया मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर भोजपुर के पैथोलॉजिकल लैब संचालक गुरुवार को हड़ताल पर रहे। हड़ताल में सरकारी अस्पतालों में कार्यरत प्रयोगशाला टेक्नीशियन और रेडक्रॉस के...

आरा में  लैब संचालकों की हड़ताल से मरीज रहे परेशान
हिन्दुस्तान टीम,आराFri, 07 Sep 2018 12:32 PM
ऐप पर पढ़ें

ऑल इंडिया मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर भोजपुर के पैथोलॉजिकल लैब संचालक गुरुवार को हड़ताल पर रहे। हड़ताल में सरकारी अस्पतालों में कार्यरत प्रयोगशाला टेक्नीशियन और रेडक्रॉस के टेक्नीशियन भी शामिल रहे। प्राइवेट लैब संचालकों ने पैथोलॉजिकल लैब को पूर्णत: बंद रखा। लैब संचालकों ने सदर हॉस्पिटल से जुलूस निकाल शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित पैथोलॉजिकल लैब को बंद कराया। जुलूस में शामिल लैब संचालक राज्य सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। हड़ताल के कारण सदर हॉस्पिटल सहित प्राइवेट क्लीनिकों में ऑपरेशन प्रभावित रहा। सदर हॉस्पिटल में सिजेरियन के पांच और दो अन्य ऑपरेशन नहीं हो सके और मरीजों को रेफर किया गया। सदर हॉस्पिटल के साथ प्राइवेट क्लीनिक में ऑपरेशन व इलाज कराने आये मरीजों को परेशानी हुई। विदित हो कि भोजपुर में 148 पैथोलॉजिकल लैब हंै। इसमें से 20 लैब को वैध और 128 लैब को अवैध पाया गया है। हाई कोर्ट के निर्देश पर भोजपुर के 128 अवैध पैथोलॉजिकल को बंद कराने का आदेश स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने डीएम व सिविल सर्जन को दिया है। आदेश के खिलाफ पैथोलॉजिकल लैब संचालक हड़ताल पर रहे।

जांच के लिए पूरे दिन भटकते रहे मरीज

इलाज व ऑपरेशन कराने के लिए पूरे दिन मरीज व उनके परिजन एक लैब से दूसरे लैब भटकते रहें। मरीज व उनके परिजन ऑपरेशन की तैयारी कर आरा पहुंचे थे। यहां पहुंचने पर मरीज व उनके परिजनों को जानकारी हुई कि पैथोलॉजिकल लैब संचालक हड़ताल पर है। संदेश प्रखंड से पित्त की थैली में पत्थरी के ऑपरेशन कराने पहुंचे नंदकिशोर ने बताया कि डॉक्टर की सलाह पर वे गुरुवार को ऑपरेशन कराने आरा पहुंचे थे। ऑपरेशन से पूर्व विभिन्न प्रकार के जांच के लिए वे जब लैब पहुंचे तो हड़ताल के कारण बंद मिला। बड़हरा प्रखंड के हृदयनारायण सिंह ने बताया कि हड़ताल के कारण बिना इलाज कराये ही वापस लौटना पड़ा।

हड़ताल जारी नहीं रखने का निर्णय

गुरुवार की हड़ताल के बाद देर शाम लैब संचालकों ने बैठक कर हाई कोर्ट के सम्मान व मरीजों की परेशानी को देखते हुए हड़ताल आगे जारी नहीं रखने का निर्णय लिया। साथ ही निर्णय लिया गया कि हाई कोर्ट मे मजबूती से पक्ष रखा जायेगा। बैठक में नागेन्द्र चौधरी, ओमप्रकाश सिंह, अनिल सिंह, छोटू सिंह, विवेक, वरुण कुमार, रंजन, आदित्य, मणिभूषण, संजय सहित अन्य मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें