वीकेएसयू : स्नातक नामांकन के लिए पोर्टल खुला, 16 तक ऑनलाइन आवेदन

हिन्दुस्तान, आरा
Follow us on Google News
share

-19 अंगीभूत, 15 राजकीय समेत 70 संबद्ध डिग्री कॉलेजों में होगा एडमिशन, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में स्नातक सेमेस्टर वन में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लंबे समय से एडमिशन शुरू होने के लिए...

वीकेएसयू : स्नातक नामांकन के लिए पोर्टल खुला, 16 तक ऑनलाइन आवेदन

-19 अंगीभूत, 15 राजकीय समेत 70 संबद्ध डिग्री कॉलेजों में होगा एडमिशन -कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में एक लाख 35 हजार 540 सीटें उपलब्ध -आवेदन में गलत जानकारी देने पर होगी कार्रवाई आरा, निज प्रतिनिधि । वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में स्नातक सेमेस्टर वन में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लंबे समय से एडमिशन शुरू होने के लिए इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह अच्छी खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र 2026-30 में एडमिशन के लिए समर्थ पोर्टल खोल दिया है। आगामी 16 जून तक कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के विभिन्न विषयों में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राएं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस बार आवेदन प्रक्रिया को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। निर्धारित समय सीमा के भीतर ही आवेदन करना होगा और आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि सुधार का अवसर नहीं मिलेगा। दरअसल, बुधवार को राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने सभी विश्वविद्यालयों के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो ओपी राय, समर्थ पोर्टल के नोडल अधिकारी डॉ विजय राज कुमावत सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। डॉ कुमावत ने बताया कि समर्थ पोर्टल के माध्यम से नामांकन के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मेरिट सूची बिहार सरकार की आरक्षण नियमावली के अनुरूप तैयार की जाएगी और सभी विश्वविद्यालयों में एक समान नियम लागू होंगे।

आवेदन में सही जानकारी भरेंगे विद्यार्थी

नोडल अधिकारी ने विद्यार्थियों से आवेदन के दौरान पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं अपने प्राप्तांक, श्रेणी (कैटेगरी) और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां सही-सही दर्ज करें। यदि कोई छात्र गलत जानकारी देकर मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करता है और जांच में मामला सही पाया जाता है, तो उसे ब्लैकलिस्ट कर नामांकन प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा।

34 अंगीभूत महाविद्यालयों में होगा एडमिशन

विश्वविद्यालय के अंतर्गत इस वर्ष 34 अंगीभूत एवं 70 संबद्ध डिग्री कॉलेजों में नामांकन होगा। इनमें 19 अंगीभूत और 15 राजकीय डिग्री कॉलेज शामिल हैं। कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की विभिन्न विषयवार सीटों को मिलाकर कुल 1,35,540 सीटें उपलब्ध हैं। इस सत्र से स्नातक में सीटें बढ़ गई हैं। वहीं सरकारी कॉलेजों की संख्या भी बढ़ गई है।

कुलपति के नेतृत्व में दिन-रात हुआ कार्य, जताया आभार

नामांकन प्रक्रिया शुरू कराने के लिए विश्वविद्यालय के नामांकन सेल से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगातार दो दिनों तक दिन-रात काम किया। कुलपति प्रो शैलेन्द्र कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में तकनीकी एवं प्रशासनिक तैयारियां पूरी की गईं, जिसके बाद बुधवार को पोर्टल सफलतापूर्वक खोल दिया गया। नोडल अधिकारी डॉ विजय राज कुमावत ने कुलपति के प्रति विशेष आभार जताया। कहा कि कुलपति ने सभी का मनोबल बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने नामांकन सेल, तकनीकी टीम के सभी सदस्यों और बैंक अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कहा कि इनके मार्गदर्शन और मिले पूरे सहयोग के कारण यह संभव हो पाया है। उन्होंने नामांकन सेल के डॉ दीपक मांझी, डॉ शशि देव, तकनीकी रूप से सहयोग करने वाले डॉ श्रवण कुमार, साकेत, आनंद प्रकाश के प्रति भी आभार जताया। कहा कि डॉ श्रवण कुमार का भी पूरा तकनीकी सहयोग मिला।

विकल्प के रूप में अधिकतम दस कॉलेजों का करेंगे चयन

नामांकन सेल के अनुसार इंटर कला, विज्ञान और कॉमर्स संकाय के उत्तीर्ण विद्यार्थी स्नातक सेमेस्टर वन में दाखिला के लिए कॉलेज विकल्प के रूप में अधिकतम दस कॉलेजों का चयन करेंगे। विद्यार्थी जिला, महाविद्यालय और पाठ्यक्रम का चयन सावधानीपूर्वक करेंगे। वहीं मेरिट का आधार इस बार विद्यार्थियों के प्राप्तांक, सीटों की उपलब्धता और कॉलेजों के परफॉर्मेंस के अनुसार होगा। खास बात यह है कि इस बार विद्यार्थी अधिकतम तीन अलग-अलग पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसमें पहली बार में पहली वरीयता के पाठ्यक्रम में मेरिट आयेगी। वहीं विद्यार्थी आवेदन में अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी देंगे.

सामान्य प्रश्न

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में कितनी सीटें उपलब्ध हैं?
इस वर्ष कुल 1,35,540 सीटें उपलब्ध हैं।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।