वेंकटेश महाअभिषेक और रंगोत्सव से भक्ति के रंग में सराबोर बड़ी मंदिर परिसर

Feb 28, 2026 08:54 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, आरा
share Share
Follow Us on

बद्रीनाथ वनमाली जी के सानिध्य में 24 घंटे का अखंड मानस पाठ संपन्न , प्रातः काल वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना का शुभारंभ हुआ। पीठाधीश्वर बद्रीनाथ वनमाली जी एवं पुजारी अर्पित पां

वेंकटेश महाअभिषेक और रंगोत्सव से भक्ति के रंग में सराबोर बड़ी मंदिर परिसर

बद्रीनाथ वनमाली जी के सानिध्य में 24 घंटे का अखंड मानस पाठ संपन्न बड़हरा, संवाद सूत्र। प्रखंड क्षेत्र के गुंडी गांव स्थित श्रीरंगजी बड़ी मंदिर में शनिवार को भक्ति, आस्था और उत्सव का अनुपम संगम देखने को मिला। रंगनाथ भगवान वेंकटेश के महा अभिषेक एवं रंगोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। वनलाली जी महाराज (सर्वण तीर्थ, द्वारका, गुजरात) और बड़ी मंदिर के पीठाधीश्वर बद्रीनाथ वनमाली जी के सानिध्य में 24 घंटे का अखंड मानस पाठ संपन्न हुआ, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। प्रातः काल वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना का शुभारंभ हुआ।

पीठाधीश्वर बद्रीनाथ वनमाली जी एवं पुजारी अर्पित पांडेय के निर्देशन में आचार्यों ने विधि-विधानपूर्वक भगवान वेंकटेश का दुग्ध एवं गंगाजल मिश्रित पवित्र जल से महा अभिषेक कराया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भी श्रद्धाभाव से दुग्ध अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वैदिक पाठ के बीच हवन अनुष्ठान संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित भक्तों ने आहुति देकर सुख-समृद्धि की कामना की। मंत्रोच्चार की गूंज से पूरा गांव भक्ति के रंग में डूब गया। कार्यक्रम में हरिहरपुर मठिया के मठाधीश्वर सत्यनारायण स्वामी और दिया मठाधीश्वर गोविंदाचार्य जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके आशीर्वचनों से श्रद्धालुओं में नई आध्यात्मिक चेतना का संचार हुआ। पूजा-अर्चना के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। संध्याकाल में रंगोत्सव का आयोजन हुआ। बभनगांवा गांव की फगुआ गायन मंडली ने पारंपरिक होली एवं फगुआ गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को उल्लासमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया और सामूहिक फगुआ गायन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दिनभर जय श्री रंग और गोविंदा-गोविंदा के जयघोष से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। आयोजकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल आस्था को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। गांववासियों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह और उमंग देखा गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।