अनिमेष नगर विकास के सचिव, कपिल अशोक कॉम्फेड के एमडी; बिहार में 12 IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
भागलपुर के डीएम रहे नवल किशोर चौधरी को बिहार राज्य संचरण कंपनी लिमिटेड का एमडी बनाया गया है। वे नगर विकास एवं आवास विभाग में विशेष सचिव के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। बांका के डीएम रहे नवदीप शुक्ला को कौशल विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।

बिहार में सम्राट चौधरी सरकार ने रविवार की देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। बारह आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेवारी दी गई है। इनमें प्रतीक्षारत चार पूर्व डीएम भी शामिल हैं। वहीं, चार आईएएस को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। तीन नगर निगम के नगर आयुक्त और तीन जिलों के डीडीसी का भी तबादला किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार देर रात अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत बुडको एमडी अनिमेष कुमार पराशर को नगर विकास विभाग सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे बुडको एमडी के पद पर बने रहेंगे।
वहीं, बिहार राज्य पथ विकास निगम एमडी सचिव शीर्षत कपिल अशोक का तबादला करते हुए कॉम्फेड एमडी बनाया गया है। वे डेयरी विभाग के प्रभारी सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग में ओएसडी और राज्य फल एवं सब्जी विकास निगम के एमडी के अतिरिक्त प्रभार में बने रहेंगे। इसके अलावा सिविल विमानन विभाग विशेष सचिव सह सचिव निलेश रामचंद्र देवरे को नगर विकास एवं आवास विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वे आवास बोर्ड एमडीए के अतिरिक्त प्रभार भी रहेंगे। वहीं, साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के एमडी सौरभ जोरवाल को बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड एमडी का अतिरिक्त प्रभारी दिया गया है। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत कुमार सी.एच. को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, बिहार राज्य बीज निगम लिमिटेड के एमडी स्पर्श गुप्ता को स्थानांतरित करते हुए राज्य स्वास्थ्य समिति का अपर कार्यपालक निदेशक बनाया गया है।
डीएम रहे पवन कुमार बने उच्च शिक्षा के विशेष सचिव
प्रतीक्षारत चार पूर्व डीएम को जिम्मेवारी दी गई है। भागलपुर के डीएम रहे नवल किशोर चौधरी को बिहार राज्य संचरण कंपनी लिमिटेड का एमडी बनाया गया है। वे नगर विकास एवं आवास विभाग में विशेष सचिव के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। बांका के डीएम रहे नवदीप शुक्ला को कौशल विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। गोपालगंज के डीएम रहे पवन कुमार सिन्हा को उच्च शिक्षा में विशेष सचिव बनाया गया है। किशनगंज के डीएम रहे 2017 बैच के आईएएस को बिहार राज्य पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड का एमडी बनाया गया है।
श्रेष्ठ अनुपम बने वित्त विभाग के संयुक्त सचिव
मुजफ्फरपुर, भागलपुर, औरंगाबाद डीडीसी को नई जिम्मेवारी दी गई है। मुजफ्फरपुर डीडीसी श्रेष्ठ अनुपम को वित्त में संयुक्त सचिव बनाया गया है। भगलपुर डीडीसी प्रदीप सिंह पर्यटन विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है। औरंगाबाद डीडीसी अनन्या सिंह का तबादला करते हुए जीविका का अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है। वे मनरेगा आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगी।
निशांत विवेक प्राथमिक शिक्षा निदेशक बने
तीन नगर आयुक्त का तबादला किया गया है। इनमें पूर्णिया नगर आयुक्त कुमार मंगलम को राजस्व पर्षद सचिव बनाया गया है। गया नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया को पथ निर्माण विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है। बिहार शरीफ नगर आयुक्त कुमार निशांत विवेक को प्राथमिक शिक्षा निदेशक बनाया गया है।
मुकेश लाल कृषि निदेशक बनाए गए
बिहार प्रशासनिक सेवा और आईएएएस सेवा के एक-एक अधिकारी का भी तबादला किया गया है। वित्त विभाग के विशेष सचिव आईएएएस मुकेश कुमार लाल को कृषि निदेशक बनाया गया है। बिहार प्रशासनिक सेवा के प्रमोद कुमार को उच्च शिक्षा विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।


