
नाक कट गई; हंसी मजाक करने से खफा शराबी ने भाई पर तलवार से किया हमला,नथुना छपट दिया
मजाक से आहत प्रदीप चौधरी ने तलवार से अपने चचेरे भाई अजय चौधरी पर हमला कर दिया। तलवार से अजय चौधरी की नाक कट गई।
बिहार के मुंगेर में एक शराबी ने अपने चचेरे भाई की नाक काट दी। तलवार के हमले में उसकी जान बाल-बाल बच गई। पुलिस से मामले की शिकायत की गई है। घायल व्यक्ति का इलाज कराया जा रहा है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। आपसी हंसी मजाक में इस गंभीर वारदात को अंजाम दिया गया। घायल युवक पीछे नहीं हटता तो कुछ और घटना हो सकती थी।
मामला मुंगेर जिले के असरगंज थाने के जलालाबाद गांव के चौधरी टोले की है। ग्रामीण अजय चौधरी ने अपने चचेरे भाई प्रदीप चौधरी से हंसी मजाक किया। इसमें उनके छोटे भाई नीरज चौधरी भी मौजूद थे। प्रदीप चौधरी काफी गुस्से में आ गया। शुक्रवार को भी पुरानी बात को लेकर विवाद हुआ। स्थानीय लोगों की पहल पर मामले को शांत करा दिया गया। उसके बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए।
शुक्रवार की शाम को प्रदीप चौधरी शराब पीकर घर लौटा। पहले के विवाद को लेकर वह गाली गलौज करने लगा। हल्ला सुनकर कई लोग जुट गए। अजय चौधरी अपने चचेरे भाई प्रदीप चौधरी को समझाने गया। गुस्से में आकर उसने तलवार निकाल लिया। अचानक प्रदीप ने अजय चौधरी पर तलवार से हमला कर दिया। हमले से बचने से लिए अजय चौधरी पीछे की ओर हटा। लेकिन तलवार उसकी नाक पर लग गई जिससे नाक का अगला हिस्सा कटकर अलग हो गया।
परिवार और गांव के लोगों का कहना है कि घटना का अंदेशा किसी को नहीं था। नाक कट जाने के बाद अजय चौधरी तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उसे भागलपुर रेफर कर दिया गया। अस्पताल से मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस छानबीन में जुट गई है। गिरफ्तारी के डर से आरोपी फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। असरगंज थानेदार ने कहा है कि जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें



