अनंत सिंह जनसुराज का दामन थामेंगे? सवाल सुन क्या बोले प्रशांत किशोर

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

अनंत सिंह बिहार एमएलसी चुनाव में जनसुराज के प्रत्याशी का समर्थन कर रहे हैं। जब प्रशांत किशोर से अनंत सिंह को लेकर सवाल पूछा गया तो पीके ने कहा कि हजारों लोग हमारा समर्थन कर रहे हैं। जनसुराज को जितने लोग वोट दे रहे हैं वो पार्टी में आ जाएंगे यह कोई जरूरी नहीं है।

prashant kishor on anant singh
प्रशांत किशोर और जदयू विधायक अनंत सिंह (फाइल फोटो)

बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सियासी जोर आजमाइश चरम पर है। मोकामा से जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का खुलकर समर्थन कर दिया है। अनंत सिंह के ये तेवर काफी चर्चा में हैं। इस बीच जब जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर से अनंत सिंह को लेकर जुड़े सवाल पूछे गए तो उन्होंने इसका जवाब दिया है। प्रशांत किशोर ने कहा कि हजारों लोग हमारा समर्थन कर रहे हैं। जनसुराज को जितने लोग वोट दे रहे हैं वो पार्टी में आ जाएंगे यह कोई जरूरी नहीं है। उन्होंने ऐसा कुछ कहा है क्या कि वो पार्टी में आ रहे हैं। अगर ऐसा कुछ आएगा और जब आप उनसे सुनेंगे कि वो जनसुराज में आने वाले हैं तब पार्टी निर्णय लेगी।

जब प्रशांत किशोर से पूछा गया कि क्या जनसुराज चुनाव जीतने के लिए बाहुबली का सहारा लेगी? इसपर पीके ने कहा कि जिसको सातवां वेतनमान चाहिए, वित्तरहित शिक्षकों को अपना मान औऱ सम्मान चाहिए, बेरोजगार युवाओं को रोजगार चाहिए तो आप जनसुराज की विचारधारा से जुड़िए, फिर चाहे वो बाहुबली वो या कोई और हो। बिहार में जनसुराज का जो प्रयास है वो पिछले चार सालों से दिख रहा है। किसी बाहुबली या धर्मबली का कोई महत्व नहीं है।

इसके बाद जब प्रशांत किशोर से पूछा गया कि अगर अनंत सिंह जदयू छोड़कर जनसुराज ज्वायन करेंगे तो? इसपर प्रशांत किशोर ने पत्रकारों से कहा कि ऐसा होगा तो कैसा होगा? आप लोगों की हालत वही है जो हमलोग हिंदी की कविता सुनते थे, उत्सुक होकर शिशु ने पूछा फिर क्या होगा उसके बाद। अरे, जब जो होगा तो देखा जाएगा। आज की तारीख में जनसुराज अपने दम पर चुनाव लड़ रहा है. जिसको भी जनसुराज की विचारधारा में और जनसुराज के प्रयास में भरोसा है वो हमलोगों की मदद कर रहा है औऱ हमलोग उसके लिए उसका धन्यवाद कर रहे हैं।

अनंत-नीरज विवाद बना जदयू के गले की फांस

बता दें कि जदयू के लिए अपने ही दल के दो नेताओं के बीच का गले की फांस बन गया है। मोकामा विधायक अनंत सिंह और विधान पार्षद नीरज कुमार की लड़ाई की गुत्थी इतनी उलझ गई है कि वरीय नेताओं के हस्तक्षेप के बाद भी सुलझ नहीं पा रही। दरअसल, विधानसभा चुनाव में इसकी बुनियाद पड़ी थी। विधान परिषद चुनाव में वह दोनों के बीच रार बनकर उभरी है। पार्टी ने इसे सुलझाने का जिम्मा केन्द्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता ललन सिंह को सौंपा था, पर उन्होंने भी पल्ला झाड़ लिया। अनंत सिंह ने विधान परिषद चुनाव की घोषणा होते ही नीरज के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। पिछले माह के आरंभ से ही वे बगावती तेवर में आ गए। उन्होंने कहा कि उनके घर में एके-47 रखवा नीरज कुमार ने उन्हें फंसवाया था, इसलिए हर हाल में उन्हें हरायेंगे।

वहीं, नीरज ने कहा कि अनंत सिंह के पास इसके साक्ष्य हैं तो वे कोर्ट जाएं। फिर दोनों के बीच बयानों के तीर लगातार चलते रहे। अनंत ने कहा कि वे नीरज की जमानत जब्त करा देंगे। तो, नीरज ने कहा कि अनंत सिंह पहले जमानत लिख कर दिखला दें। एके-47 मामले में दोनों के बीच हनुमान मंदिर चलकर कसम खाने तक मामला पहुंच गया। उधर, एक-दूसरे के खिलाफ और मुखर होते रहे। नीरज के तेवर अनंत को लेकर आज भी वही है। उन्होंने अनंत को बेऊर जेल का संत तक कह दिया।

एक अक्तूबर को जब अनंत सिंह जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में खुली जीप पर सवार होकर नामांकन जुलूस में निकले और 50 हजार रसगुल्ले बनवाए तो पार्टी की पेशानी पर बल पड़ा। पार्टी का थिंक टैंक जो अबतक इस मामले के सुलझ जाने का उम्मीद पाले था, दोनों की लड़ाई को लेकर गंभीर हुआ। जदयू में दो नेताओं के आपसी लड़ाई के ऐसे मामले पहले कम ही सार्वजनिक होते रहे हैं। यदि कहीं कुछ रहा भी तो नीतीश कुमार ऐसे सुलझाते रहे कि अनंत-नीरज विवाद की तरह पार्टी को कभी असहज नहीं होना पड़ा। सात सितम्बर को पार्टी कार्यालय में दोनों को बैठक में बुलाकर इसे सुलझाने का प्रयास भी किया गया लेकिन मामला सिफर ही रहा।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsअनंत सिंह जनसुराज का दामन थामेंगे? सवाल सुन क्या बोले प्रशांत किशोर