अनंत सिंह ने लालू की बताकर नीतीश की कार से भेजा, चकमा देकर बीवी से करवाया था समर्थन

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने खुलासा किया है कि फरवरी 2024 में नीतीश कुमार सरकार के बहुमत परीक्षण में उन्होंने चकमा देकर राजद की विधायक पत्नी नीलम देवी से एनडीए का समर्थन करवा दिया था।

Anant Singh Neelam Devi Mokama
मोकामा की पूर्व विधायक नीलम देवी और उनके पति मौजूदा विधायक अनंत सिंह (फाइल फोटो)

मोकामा के चर्चित विधायक अनंत सिंह ने अब जाकर खुलासा किया है कि 2024 में नीतीश कुमार की सरकार के बहुमत परीक्षण के दौरान उन्होंने कैसे चकमा देकर तब आरजेडी की एमएलए रहीं अपनी पत्नी नीलम देवी से एनडीए का समर्थन करवा दिया था। तब एके 47 बरामदी केस में जेल में सजा काट रहे अनंत सिंह ने दावा किया है कि नीलम ने नीतीश कुमार सरकार का समर्थन करने से यह कहकर मना कर दिया था कि वह लालू यादव और राष्ट्रीय जनता दल से गद्दारी नहीं करेगी। फिर अनंत सिंह ने घरेलू सहयोगियों को नीलम को झांसा देने का तरीका समझाया और उन लोगों ने लालू यादव की कार बताकर नीलम देवी को नीतीश कुमार कैंप की गाड़ी से विधानसभा भेज दिया। सिंह ने बताया कि नीलम को सदन के अंदर जाकर ही यह समझ आया कि उनके सरकार के साथ खड़ा रहने और नीतीश के पक्ष में वोट करने की व्यवस्था की गई है।

अनंत सिंह ने यू-ट्यूब चैनल लाइव सिटीज को एक इंटरव्यू में तब मोकामा की राजद विधायक रहीं पत्नी नीलम देवी के पलटकर नीतीश सरकार के साथ जाने के अंदर का खेल बताया। उन्होंने कहा- ‘नीलम देवी तैयार नहीं हुई थीं। कहीं कि गद्दारी नहीं करेंगे। नौकर को सिखा दिए कि दस्तखत करा दो लालू वाला से। दोनों का गाड़ी लग गया। नौकरी को बता दिए कि नीतीश जी वाला गाड़ी को लालू जी वाला गाड़ी बता देना। नीलम नीतीश जी वाली गाड़ी में चढ़ गईं। वहां लोग लगा दिए थे कि उनको बता देना कि अपनी जमात (एनडीए) ये है। वो जानती-पहचानती नहीं थी किसी को। जब अंदर गई तब उसको पता चला कि हमसे क्या करवा दिया सब। उसको पता नहीं था। बोली थी कि गद्दारी नहीं करेंगे। हम लोग झूठ-सच बोलकर उससे करवा (सरकार का समर्थन) दिए।’

भाजपा के गायब विधायकों का पता अनंत सिंह ने दिया था, जिससे बची नीतीश सरकार!

विश्वासमत परीक्षण में विपक्ष के बहिष्कार के बीच नीतीश सरकार ने 129 विधायकों के समर्थन से अपना बहुमत साबित किया था। 243 सदस्यों की विधानसभा में सरकार को बचाने के लिए 122 के समर्थन की जरूरत थी। अनंत सिंह ने उस दौर को याद करते हुए कहा- ‘सरकार तेजस्वी यादव का बन जाता। गायब भाजपा विधायकों का पता हम बताए। जेल में किस्सा सुने कि कल यह सब होगा। वह किस्सा हम अशोक चौधरी को बताए। वो सम्राट चौधरी को बताए। अंदर-बाहर का सिपाही बात कर रहा था। उसी में हम सुने। हम वहीं थे। हम अशोक चौधरी को कहे कि आपकी सरकार जाएगी। हमको जानकारी मिल गई थी लापता विधायक कहां हैं। सिपाही सब बता रहा था, जो हम सुने। वही अशोक चौधरी को बता दिए।’

हां गुंजन… अनंत सिंह के वायरल ऑडियो से खुलासा, मुंगेर लोकसभा चुनाव में 19 करोड़ खर्च कर दिए, 95 लाख है लिमिट

आपको याद दिला दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में नीलम देवी कांग्रेस के टिकट पर मुंगेर सीट से जेडीयू के मौजूदा केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ गई थीं। 17 अगस्त 2019 को अनंत सिंह के गांव लदमा में उनके घर पर आईपीएस लिपि सिंह के नेतृत्व में रेड मारकर एके 47 वगैरह बरामद किया गया था। इसी केस में 14 जून 2022 को ट्रायल कोर्ट ने उनको 10 साल की सजा सुनाई थी। नीतीश कुमार के महागठबंधन छोड़कर एनडीए में लौटने के बाद फ्लोर टेस्ट के समय अनंत सिंह बेऊर जेल में बंद थे। 12 फरवरी 2024 को नीतीश ने बहुमत साबित कर दिया था, जिस दौरान राजद के तीन विधायक प्रह्लाद यादव, नीलम देवी और चेतन आनंद ने तेजस्वी यादव का साथ छोड़कर नीतीश कुमार का साथ दिया था। उसी साल 14 अगस्त 2024 को हाईकोर्ट ने अनंत सिंह को एके 47 केस से बरी कर दिया और फिर उनकी रिहाई हो गई।

बेटी की शादी के बाद 1 दिसंबर तक जेल जाएंगे अनंत सिंह

हाल में संपन्न एमएलसी चुनाव में जेडीयू कैंडिडेट नीरज कुमार का विरोध करने पर पार्टी ने उनको और नीलम देवी को दल से 6 साल के लिए निकाल दिया है। अनंत सिंह की विधायिकी खत्म करने की जेडीयू की मांग पर स्पीकर ने उनको 7 दिन में जवाब देने का नोटिस भी भेजा है। वहीं, मोकामा के दुलारचंद यादव मर्डर केस में उनको हाईकोर्ट से मिली जमानत को निष्प्रभावी करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को बेटी की शादी के बाद 1 दिसंबर तक जेल लौटने कहा है। अनंत सिंह की बेटी की शादी 25 नवंबर को लदमा में है। अनंत सिंह ने कहा है कि वो कोर्ट के आदेश के मुताबिक बेटी की शादी के बाद आत्मसमर्पण करके जेल चले जाएंगे और आगे फिर जमानत की गुहार लगाएंगे।

नीतीश सरकार के बहुमत साबित करने के बाद अशोक चौधरी के साथ नीलम देवी और चेतन आनंद (2024 की फोटो)
Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsअनंत सिंह ने लालू की बताकर नीतीश की कार से भेजा, चकमा देकर बीवी से करवाया समर्थन