आनंद मोहन का बवाली बयान- दरबारी... गन प्वाइंट पर इस्तीफा; चिरकुट-बेईमान किसे कहा?

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

आनंद मोहन ने कहा कि बिहार में मुश्किल से सुशासन की स्थापना हुई। लेकिन, नीतीश कुमार की उपलब्धियों पर पानी फेरने की बेईमानों की कोशिश है।

Anand Mohan Statement: बाहुबली पूर्व सांसद और जदयू विधायक चेतन आनंद के पिता आनंद मोहन का बवाल फैलाने वाला बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कुछ बेईमानों ने नीतीश कुमार को दरबारी बना दिया। उनसे गन प्वाइंट पर इस्तीफा लिया गया। कुछ चाटुकार एनडीए को कमजोर कर रहे हैं। अगर आज चुनाव हो जाए तो चारों खाने चित हो जाएंगे। नाम लिए बगैर उन्होंने जदयू के प्रमुख नेताओं पर जमकर भड़ास निकाली।

रविवार को आनंद मोहन एक कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर पहुंचे थे। अपने संबोधन में आनंद मोहन एनडीए के कुछ नेताओं पर जमकर बरसे। उन्होंने चेतावनी के लहजे में कहा कि आनंद मोहन को छेड़़ने की कोशिश मत करना नहीं तो तुम्हारा डब्बा गोल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में मुश्किल से सुशासन की स्थापना हुई। लेकिन, नीतीश कुमार की उपलब्धियों पर पानी फेरने की बेईमानों की कोशिश है। आज पूरा हिन्दुस्तान का राजनैतिक महकमा हत्प्रभ है कि नीतीश कुमार को किन परिस्थितियों में सत्ता से बेदखल किया गया। कहा गया कि 25 से 30 फिर से नीतीश। लेकिन, मंत्रणाकारों ने नुकसान कर दिया। एनडीए का शीर्ष नेतृत्व सोचे। लोग कहते हैं कि गन प्वाइंट पर नीतीश कुमार से इस्तीफा लिया गया। देखिए बेईमानों को, आनंद मोहन को गाली दिलवाता है।

पूर्व सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार अपने आवास में रहते थे और दुनिया भर के लोग उनसे मिलने आकर दरबार सजाते थे। आज बेईमानों ने नीतीश कुमार की वह स्थिति बना दी कि रोज सुबह किसी चिरकुट नेता के घर पहुंचा दे रहा है। जिसका दरबार लगता था उसी को दरबारी बना दिया। यह हमारे स्थापित नेता का अपमान है। जदयू के कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि इनके खिलाफ बगावत करो।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी समाज से लड़ने का हमारा कोई इरादा नहीं है। सबने मिलकर हमारा सहयोग किया। लेकिन, अगर कोई छेड़ेगा तो एक राजपूत होने के नाते काल को भी टक्कर देना हमारा धर्म है। तब यह नहीं सोचेंगे कि हमारा विराधी कितना ताकतवर है। इससे पहले भी आनंद मोहन जदयू के कुछ नेताओं के खिलाफ उल्टी-सीधी बयानबाजी कर चुके हैं। तब आरोप लगाया गया कि बेटे चेतन आनंद मोहन को मंत्री नहीं बनाए जाने से वह नाराज हैं। आनंद मोहन ने इस आरोप का खंडन किया।

आनंद मोहन की गिनती बिहार के बाहुबली नेताओं में गिनती होती है। लालू यादव को सीधी चुनौती देकर राजनीति में उन्होंने अपनी पहचान बनाई। वे शिवहर से सांसद चुने गए। उनकी पत्नी लवली आनंद भी सांसद हैं।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsआनंद मोहन का बवाली बयान- दरबारी... गन प्वाइंट पर इस्तीफा; चिरकुट-बेईमान किसे कहा