बिहार के रेल यात्रियों की खुली किस्मत, दरभंगा से जयपुर के बीच आज से दौड़ेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस; देखें टाइम-टेबल
Jaipur Darbhanga Amrit Bharat Express: रेलवे द्वारा दरभंगा और खातीपुरा (जयपुर) के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस (ट्रेन 19725/19726) का परिचालन शुरू किया जा रहा है, जो सप्ताह में 6 दिन चलेगी।

Jaipur Darbhanga Amrit Bharat Express: बिहार के मिथिलांचल और उत्तर बिहार के रेल यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे की ओर से एक बड़ी सौगात सामने आई है। रेलवे द्वारा दरभंगा-खातीपुरा (जयपुर) के बीच एक बिल्कुल नई 'अमृत भारत एक्सप्रेस' ट्रेन सेवा शुरू करने का फैसला लिया गया है, जिसका परिचालन आज से शुरू हो रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, इस ट्रेन का भव्य उद्घाटन रविवार को खातीपुरा (जयपुर) से उद्घाटन स्पेशल ट्रेन संख्या 09711 चलाकर किया जाएगा। रेलवे के इस कदम से बिहार से राजस्थान जाने वाले कामगारों, व्यापारियों और पर्यटकों को आधुनिक, तेज और आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। इस नई गाड़ी में जनरल सेकंड क्लास के 11 कोचों सहित कुल 22 कोच लगाए गए हैं, जिससे कम किराये में लोग बेहतरीन सफर का आनंद ले सकेंगे।
सप्ताह में 6 दिन पटरियों पर भरेगी रफ्तार
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चन्द्र ने इस नई ट्रेन के नियमित परिचालन के शेड्यूल की विस्तृत जानकारी साझा की है। नियमित गाड़ी संख्या 19725 खातीपुरा-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में कुल 06 दिन किया जाएगा। समय-सारणी के मुताबिक, यह गाड़ी खातीपुरा (जयपुर) से रात 22:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन बगहा से 18:06 बजे, नरकटियागंज से 19:00 बजे, सिकटा से 19:25 बजे, रक्सौल से 20:00 बजे, बैरगनिया से 21:20 बजे, सीतामढ़ी से 22:15 बजे, जनकपुर रोड से 22:58 बजे तथा कमतौल से रात 23:50 बजे खुलकर तीसरे दिन रात 00:55 बजे दरभंगा जंक्शन पहुंचेगी। खातीपुरा से इस गाड़ी का नियमित परिचालन 22 जून से शुरू होने जा रहा है।
दरभंगा से वापसी का पूरा शेड्यूल जारी
वहीं दूसरी तरफ, वापसी में गाड़ी संख्या 19726 दरभंगा-खातीपुरा (जयपुर) अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 23 जून से रविवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन किया जाएगा। यह गाड़ी दरभंगा से तड़के सुबह 04:30 बजे प्रस्थान करेगी और कमतौल से 04:52 बजे, जनकपुर रोड से 05:13 बजे, सीतामढ़ी से 06:05 बजे, बैरगनिया से 06:38 बजे, रक्सौल से 08:10 बजे, सिकटा से 08:30 बजे, नरकटियागंज से 10:15 बजे तथा बगहा से सुबह 11:10 बजे रवाना होकर दूसरे दिन सुबह 08:40 बजे खातीपुरा (जयपुर) पहुंचेगी। इसके साथ ही रेलवे ने एक और बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि गाड़ी संख्या 15562 गोमतीनगर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस के दरभंगा आगमन समय में भी आंशिक संशोधन किया गया है, जो आगामी 28 जून से प्रभावी रूप से लागू होगा।


