12 लाख करोड़ रुपये कहां से लाएंगे तेजस्वी यादव; हर घर सरकारी नौकरी वादे पर अमित शाह का तंज
संक्षेप: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हर घर में एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के लिए 12 लाख करोड़ रुपये के बजट की जरूरत होगी, तेजस्वी यादव को यह बताना चाहिए कि यह राशि वे कहां से लाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव के हर घर सरकारी नौकरी देने के वादे पर तंज कसा है। शाह ने कहा कि बिहार में लगभग 2.8 करोड़ परिवार हैं, जिनमें से लगभग 20 लाख लोगों को सरकारी नौकरी मिली हुई है। यानी 2.6 करोड़ बाकी हैं। तेजस्वी ने वादा किया है कि वे 2.6 करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी देंगे। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि इसके लिए वे 12 लाख करोड़ रुपये का बजट कहां से लाएंगे।

तीन दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचे भाजपा के वरीय नेता अमित शाह ने गुरुवार शाम पटना में आज तक चैनल के कार्यक्रम में यह बात कही। शाह ने कहा तेजस्वी यादव का हर घर में एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा बेबुनियाद है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट पाने के लिए राजद नेता बिहार के युवाओं के सामने सफेद झूठ बोल रहे हैं।
शाह ने कहा, "बिहार के युवा इसे भली-भांति जानते हैं। अगर 2.6 करोड़ लोगों को सी और डी ग्रेड की नौकरियां भी देनी हैं, तो इसका बजट लगभग 12 लाख करोड़ रुपये बनता है। जबकि बिहार का कुल बजट ही लगभग सवा 3 लाख करोड़ रुपये के आसपास ही है। ऐसे में तेजस्वी को बताना चाहिए कि इतना पैसा कहां से लाएंगे।"





