अमित शाह ने सम्राट चौधरी को बुलाया, बिहार में नए मुख्यमंत्री पर हलचल के बीच मीटिंग
बिहार में नए मुख्यमंत्री पर हो रही चर्चा के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को मुलाकात के लिए बुलाया है। शाह रविवार को सम्राट के साथ मीटिंग करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को मीटिंग के लिए बुलाया है। बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर चल रहीं चर्चाओं के बीच सियासी हलचल तेज है। सम्राट रविवार को शाह से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा एयरपोर्ट पर मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि दोनों के बीच बिहार के बदले हालात और नई सरकार को लेकर विचार-विमर्श हो सकता है। हालांकि इस बैठक की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
पहले यह मुलाकात दिल्ली में होनी थी। सम्राट चौधरी को दिल्ली बुलाया गया था। लेकिन अमित शाह के कार्यक्रम में बदलाव के बाद मुलाकात का स्थान भी बदल दिया गया। इसे दिल्ली के बजाए बागडोगरा एयरपोर्ट कर दिया गया। हवाई अड्डा पर वीआईपी लाउंज में रविवार को दोनों नेताओं की मुलाकात होगी। शाह का विधानसभा चुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल में कई कार्यक्रम निर्धारित हैं।
दूसरी ओर, नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद वह बिहार सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे। इसके बाद नए सिरे से सरकार का गठन किया जा सकता है। संभावना है कि अगला सीएम भारतीय जनता पार्टी से होगा। माना जा रहा है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने बिहार में संभावित नए सीएम पर विचार-विमर्श शुरू कर दिया है।
सम्राट चौधरी बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में नंबर दो की पॉजिशन पर हैं। वह राज्य का सबसे अहम माने जाने वाला गृह विभाग भी संभाल रहे हैं, जो पहले नीतीश के पास हुआ करता था।
भाजपा की सहयोगी जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीते गुरुवार को पटना में राज्यसभा के लिए नामांकन किया था। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। नीतीश ने खुद राज्यसभा जाने की घोषणा सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की थी।
नीतीश ने कहा कि वह अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहे हैं। इसके बाद शुक्रवार को उनके आवास पर जेडीयू की बैठक भी हुई, जिसमें नीतीश के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने का फैसला हुआ।
बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव 16 मार्च को है। अप्रैल में मौजूदा सांसदों की सीटें रिक्त होने के बाद नए सदस्यों का कार्यकाल शुरू हो जाएगा। बताया जा रहा है कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद नीतीश सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे। इसके बाद बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा।
नए सीएम की रेस में सम्राट चौधरी
बिहार का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा, इसकी पूरी संभावना है। भाजपा से सीएम कौन बनेगा, इसके लिए कई नाम चर्चा में हैं। सम्राट चौधरी का नाम इस रेस से में प्रमुख है। सम्राट अभी नीतीश के डिप्टी हैं और पिछड़ा वर्ग की कुशवाहा जाति से आते हैं। साथ ही, नित्यानंद राय का भी नाम चर्चा में चल रहा है, जो भाजपा का प्रमुख यादव चेहरा हैं।
इनके अलावा और भी कई नामों पर अटकलबाजी चल रही है। चर्चा यह भी है कि राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा की तर्ज पर भाजपा किसी नए चेहरे को सीएम की कुर्सी पर बैठाकर सबको चौंका भी सकती है।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


