Hindi News बिहार LIVE: अमित शाह की पूर्णिया रैली को तेजस्वी ने बताया कॉमेडी शो, कहा- न नेता लगे, न गृह मंत्री दिखे

LIVE: अमित शाह की पूर्णिया रैली को तेजस्वी ने बताया कॉमेडी शो, कहा- न नेता लगे, न गृह मंत्री दिखे

बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की पूर्णिया रैली को एक कॉमेडी शो करार दे दिया। तेजस्वी ने कहा कि वो (अमित शाह) यहां माहौल बिगाड़ने आए हैं।

LIVE: अमित शाह की पूर्णिया रैली को तेजस्वी ने बताया कॉमेडी शो, कहा-  न नेता लगे, न गृह मंत्री दिखे
amit shah
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीPublished By: Jayesh JetawatEdited By: Malay Ojha
Fri, 23 Sep 2022 04:36 PM

Amit Shah Purnia Rally Updates: बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की पूर्णिया रैली को एक कॉमेडी शो करार दे दिया। तेजस्वी ने कहा कि वो (अमित शाह) यहां माहौल बिगाड़ने आए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्णिया पहुंच गए हैं। पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में बीजेपी की जनभावना रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उनके सीमांचल में आने से लालू यादव और नीतीश कुमार के पेट में दर्द हो रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में महागठबंधन का सूपड़ा साफ होगा। 2025 के चुनाव में भी बीजेपी बिहार में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। शाह आज से बिहार के सीमांचल क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं। पूर्णिया में रैली को संबोधित करने के बाद वे शाम में किशनगंज में बीजेपी कोर कमेटी की बैठक लेंगे, जिसमें सीमांचल के नेता मौजूद रहेंगे। बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार बीजेपी का बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। अमित शाह सीमांचल की धरती से लोकसभा चुनाव 2024 का शंखनाद करेंगे। अमित शाह के दौरे से स्थानीय कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। पूर्णिया में डेढ़ से दो लाख कार्यकर्ताओं को बसों-ऑटो और कारों में भरकर लाया जा रहा है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रैली के लिए पूर्णिया के रंगभूमि मैदान को सजाया गया है। अमित शाह के बिहार दौरे से जुड़ी पल-पल की खबर यहां पढ़ें-

Fri, 23 Sep 2022 02:58 PM

1.35 लाख करोड़ खर्च का हिसाब देकर अमित शाह ने नीतीश से कहा- अब अपने काम गिनाओ

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्णिया में बीजेपी की रैली को संबोधित करते हुए मोदी सरकार के 1.35 लाख करोड़ रुपये के काम गिनाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनका हिसाब मांगा। शाह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने 1.25 लाख करोड़ रुपये बिहार में खर्च करने का वादा किया था, उसके मुकाबले 1.35 लाख करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। अब सीएम नीतीश बताएं कि उन्होंने लालू के साथ मिलकर कुर्सी बचाने के अलावा क्या काम किया है।

पूरी खबर पढ़ें-

Fri, 23 Sep 2022 02:03 PM

किशनगंज के लिए रवाना हुए अमित शाह

पूर्णिया में रैली को संबोधित करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। यहां से वे हेलिकॉप्टर पर सवार होकर किशनगंज जा रहे हैं। किशनगंज में शाह शाम में बीजेपी कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसमें सीमांचल के नेता मौजूद रहेंगे।

Fri, 23 Sep 2022 01:47 PM

अमित शाह बोले- बिहार को सबसे विकसित राज्य बनाएंगे 

अमित शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई ये फैसला सही है। क्या लालू यादव और नीतीश कुमार इसका समर्थन करेंगे? इनमें हिम्मत नहीं है। भारत की सुरक्षा को लेकर मोदी सरकार ने जो कदम उठाए, लालू उसे मानते नहीं। लालू राज में फिरौती मांगी जाती थी, हत्याएं होती थीं। गांधी मैदान में लालू-नीतीश दोनों लट्ठ रैली निकालेंगे और लालू नीतीश के कंधे पर रहेंगे। एक बार बीजेपी को पूर्ण बहुमत दे दीजिए। हम बिहार को देश का सबसे विकसित राज्य बना देंगे।
 

Fri, 23 Sep 2022 01:44 PM

मोदी ने 1.25 लाख करोड़ का पैकेज दिया, मैं 1.35 लाख करोड़ का हिसाब लेकर आया : शाह

अमित शाह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार को 1.25 लाख करोड़ रुपये का पैकेज देने का वादा किया था। मैं अब 1.35 लाख करोड़ का हिसाब लेकर आया हूं। हवाई अड्डे, पर्यटन, पेट्रोलियम और गैस, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल, बिजली आदि क्षेत्रों में केंद्र सरकार ने घोषणा से ज्यादा खर्च किया।

Fri, 23 Sep 2022 01:41 PM

पैसा अब डायरेक्ट खाते में आता है, लालू के बिचौलियों के पास नहीं जाता : अमित शाह

अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार गरीबों की सरकार है। हर घर में शौचालय पहुंचाने का काम किया। कोरोना टीके लगाने के बाद दो साल तक प्रति व्यक्ति पांच किलो राशन मुफ्त देने का काम किया। सरकारी योजना का पैसा अब डायरेक्ट लोगों के खाते में आता है। लालू के बिचौलियों को खाने के लिए नहीं मिलता। बिहार के सभी शहरों में मोदी सरकार ने बिजली पहुंचाई।

Fri, 23 Sep 2022 01:38 PM

मोदी सरकार ने बिहार को वामपंथी उग्रवाद से मुक्त कराया : शाह

बिहार को तीन साल के भीतर वामपंथी उग्रवाद को मुक्त कराया। चक्रबंधा और भीमबंधा से नक्सलवाद खत्म हो गया। कभी वामपंथी उग्रवाद के प्रभाव में रहने वाला बिहार अब इससे मुक्त हो गया है। 
 

Fri, 23 Sep 2022 01:36 PM

शाह बोले- नीतीश के लालू के साथ जाते ही अपराध बढ़ गए 

अमित शाह ने कहा कि जिस दिन नीतीश कुमार ने महागठबंधन के मुखिया के तौर पर शपथ ली, तब से ही कानून व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई। नीतीश कुमार षडयंत्र करने वालों को नहीं रोक पाएंगे, क्योंकि अपराधी सत्ता में ही बैठे हैं। चारा घोटाले की जो धुन लगाते थे, अब क्या करेंगे? अब तो आपके यहां घोटालेबाज मंत्री बन गए। मंत्री बनते ही लालू के दबाव में नीतीश सीबीआई को बैन लगाने के लिए कह रहे हैं। लालू के भय से सत्ता के मोह से सीबीआई के खिलाफ जा रहे हैं। पूरे बिहार पर जंगलराज का खतरा मंडरा रहा है।

Fri, 23 Sep 2022 01:33 PM

2024 में लालू-नीतीश का सूपड़ा साफ होगा, 2025 में भी बीजेपी सरकार आएगी : शाह

अमित शाह ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में लालू-नीतीश का जनता सूपड़ा साफ कर देगी। साथ ही 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार में बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। नीतीश कुमार को बस कुर्सी प्यारी है। वो किसी भी पार्टी से गठबंधन कर लेते हैं।
 

Fri, 23 Sep 2022 01:31 PM

लालू-नीतीश से डरना मत, ऊपर मोदी सरकार है : अमित शाह

अमित शाह ने सीमांचल की जनता से कहा कि सीमावर्ती जिलों में कोई डरिएगा नहीं। लालू-नीतीश की जोड़ी भले ही आ गई है। ऊपर नरेंद्र मोदी सरकार है। किसी की हिम्मत नहीं है डरा सके।
 

Fri, 23 Sep 2022 01:29 PM

नीतीश ने जॉर्ज फर्नांडिस, मांझी को भी धोखा दिया : शाह

नीतीश सबसे पहले देवी लाल गुट के साथ गए, फिर लालू के साथ कपट किया, सबसे बड़ा धोखा जॉर्ज फर्नांडीस को दिया, जॉर्ज के कंधे पर बैठकर समता पार्टी बनाई, जॉर्ज की तबीयत खराब हुई तो हटा दिया, शरद यादव को धोखा दिया, फिर भाजपा को पहली बार दोखा दिया, फिर जीतनराम मांझी को धोखा दिया, रामविलास पासवान को धोखा दिया, फिर से बीजेपी को प्रधानमंत्री बनने की लालसा में धोखा देकर लालू के साथ चले गए हैं।

Fri, 23 Sep 2022 01:28 PM

शाह बोले - नीतीश पीएम बन सकते हैं क्या?

प्रधानमंत्री बनने के लिए नीतीश बाबू, जो कांग्रेस विरोधी राजनीति से पैदा हुए, वो नीतीश बाबू आरजेडी और कांग्रेस की गोद में बैठ गए हैं। इस तरह सत्ता के स्वार्थ में दल-बदल करके नीतीश बाबू प्रधानमंत्री बन सकते हैं क्या, बिहार में सरकार चल सकती है क्या? लालू जी सुनिए, नीतीश कल आपको धोखा दे देंगे। 

Fri, 23 Sep 2022 01:25 PM

अमित शाह बोले- सीमांचल में आया तो लालू-नीतीश के पेट में दर्द हो रहा

अमित शाह ने कहा कि मैं सीमांत जिलों में आया हूं तो लालू-नीतीश के पेट में दर्द हो रहा है। कह रहे हैं कि मैं यहां झगड़ा लगाने आया हूं। ये काम लालू परिवार का है। नीतीश लालू की गोदी में बैठे हुए हैं। यहां डर का माहौल है। ये सीमावर्ती जिले हिंदुस्तान का हिस्सा है, किसी को डरने की जरूरत नहीं है। क्योंकि यहां नरेंद्र मोदी सरकार है।

Fri, 23 Sep 2022 01:23 PM

अमित शाह ने दिनकर को नमन किया

अमित शाह ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती पर नमन किया। उन्होंने कहा कि दिनकर की कविताओं ने न केवल आजादी के आंदोलन को धार दी, बल्कि भारतीय संस्कृति को भी मजबूती प्रदान करने का काम किया। उन्होंने कबीरपंथी धर्मगुरु सद्गुरु धर्मस्वरूप को श्रद्धांजलि दी। मां पूरण देवी को नमन किया। 
 

Fri, 23 Sep 2022 01:18 PM

अमित शाह का संबोधन शुरू

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संबोधन शुरू हो गया है। उन्होंने भारत माता की जय के साथ अपना भाषण शुरू किया।

Fri, 23 Sep 2022 01:17 PM

संजय जासवाल बोले- नीतीश भले ही आश्रम जाएं, बिहार को अनाथालय न बनाएं

बिहार बीजेपी के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि किशनगंज में थाना अध्यक्ष की बांग्लादेशी मुसलमान हत्या करते हैं और नीतीश कुमार को कहते हैं तो उन्हें बुरा लगता है। इसलिए नीतीश ऐसे गठबंधन में गए जहां कोई अपराध के बारे में नहीं पूछेगा। नीतीश को भले ही आश्रम जाएं लेकिन बिहार को अनाथालाय नहीं बनने देंगे। 2024 में सीमांचल की सभी लोकसभा बीजेपी जीतेगी और 2025 में बिहार में बीजेपी का मुख्यमंत्री बनेगा।
 

Fri, 23 Sep 2022 01:10 PM

मखाने की माला और सिंघा फूंककर हुआ शाह का स्वागत

स्थानीय बीजेपी नेताओं ने अमित शाह को मखाने की माला पहनाई। जब शाह मंच पर पहुंचे तो पारंपरिक वाद्ययंत्र सिंघा फूंककर उनका स्वागत किया गया।

Fri, 23 Sep 2022 01:03 PM

अमित शाह मंच पर पहुंचे, शंख बजाकर स्वागत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंच पर पहुंच गए हैं। सभा स्थल भारत माता की जय और अमित शाह जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा।

Fri, 23 Sep 2022 12:51 PM

कुछ देर में मंच पर पहुंचेंगे अमित शाह

पूर्णिया में जनभावना रैली शुरू हो गई है। बीजेपी नेता सभा को संबोधित कर रहे हैं। रैली में आए लोगों को अमित शाह का इंतजार है। शाह कुछ ही देर में मंच पर पहुंचेंगे।

Fri, 23 Sep 2022 12:49 PM

सुशील मोदी बोले- पीएफआई पर बैन लगे, बढ़ती मुस्लिम आबादी चिंता का विषय

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि सीमांचल क्षेत्र में 50 सालों से हिंदुओं की जनसंख्या कम होती गई। पूर्णिया में पहले मुस्लिम 30 फीसदी थे जो अब बढ़कर 45 फीसदी हो गए हैं। कटिहार में भी मुस्लिमों की जनसंख्या बढ़ोतरी दर 10 फीसदी, किशनगंज में 14 फीसदी है। एक वर्ग विशेष की आबादी इस तरह से बढ़ रही है, वो दिन दूर नहीं जब सीमांचल के चारों जिले मुस्लिम बहुसंख्यक बन जाएगा।

Fri, 23 Sep 2022 12:24 PM

अमित शाह पहुंचे पूर्णिया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्णिया पहुंच गए हैं। उनका विमान एयरपोर्ट पर लैंड कर गया है। हालांकि जन भावना रैली स्थल रंगभूमि मैदान में पहुंचने में अभी देर लगेगी।