अमित कुमार रानू मेरे बॉस हैं.., बाउंड्री और घर ढहाने में अरेस्ट आनंद बोला- बेलसंड विधायक दूर से सब देख रहे थे

हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
Follow us on Google News
share

मुजफ्फरपुर में जबरन घर ढाहने के आऱोप में अरेस्ट आनंद कुमार ने कहा है कि घटनास्थल पर मौजूद चार-पांच युवक बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू व उनके भाई से मोबाइल से लगातार संपर्क में थे। वो दूर से सब देख रहे थे। 

MLA Amit Kumar Ranu
विधायक अमित कुमार रानू का करीबी अरेस्ट हुआ है।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अहियापुर के झपहां उदनडीह गांव में जेसीबी से 52 लोगों की बाउंड्री व घर ढहाने में शामिल आनंद कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह पांचवीं गिरफ्तारी है। आनंद कुमार मूल रूप से वैशाली के महुआ का रहने वाला है। वर्तमान में अहियापुर थाना क्षेत्र में रह रहा था। घटना के वीडियो फुटेज से पहचान के बाद उसकी गिरफ्तारी हुई है। वह बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू व उनके भाई सोनू सिंह का काफी करीबी है। यह जानकारी बुधवार को सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस को देख सबूत मिटाने के लिए आनंद ने अपना मोबाइल व सिम तोड़ दिया। पुलिस के समक्ष स्वीकारोक्ति बयान में उसने कहा है कि घटनास्थल पर मौजूद था। उसने बताया कि घटना को अंजाम देने में 40 से 50 लोग मौजूद थे। इसमें से उसने 19 लोगों का नाम बताया है, जिसका सत्यापन कराया जा रहा है।

सिटी एसपी ने बताया कि इससे पहले चार आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले में 25 एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें आठ में बेलसंड विधायक व उनके भाई भी आरोपित बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि आनंद के तोड़े गए मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी की पहचान कर ली गई है। गाड़ी जल्द ही जब्त की जाएगी। उन्होंने बताया कि अबतक गिरफ्तार सभी पांच को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

सिटी एसपी ने बताया कि आनंद ने स्वीकारोक्ति बयान में कहा है कि घटनास्थल पर मौजूद चार-पांच युवक बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू व उनके भाई से मोबाइल से लगातार संपर्क में थे। विधायक व उनके भाई दूर से ही पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे थे। आनंद ने पुलिस को बताया कि सन्नी सिंह व पिंटू शांडिल्य सोनू सिंह व गोलू उर्फ सौरभ बेलसंड विधायक को मोबाइल से लगातार घटना की जानकारी दे रहे थे। आनंद ने गोलू व अन्य का मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। इसकी सीडीआर निकाल जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि आनंद ने घटनास्थल पर मौजूद रहने वालों में आशुतोष कुमार, सुमित उर्फ छोटू भैया, सौरभ, तुषार, निरंजन, अमित, धीरज, पिंटू सत्यम, अवनीश, शिवम राज, छोटू सिंह, सुमित श्रीवास्तव व गोलू सिंह उर्फ सौरभ का नाम बताया है।

'विधायक और उनके भाई ही मेरे बॉस’

झपहां उदनडीह गांव में 20 अगस्त को जेसीबी से मकान ढाहने का जब प्रेमचंद मिश्रा ने विरोध किया तो बदमाशों ने कहा कि जमीन चाहिए तो हमारे बॉस को पैसा देना होगा। यह जानकारी औराई थाने के बेनीपुर निवासी प्रह्लाद कुमार ने अहियापुर थाने में दर्ज एफआईआर में दी है। इसमें सुमित कुमार श्रीवास्तव को नामजद एवं 50 अज्ञात को आरोपित बनाया है। चहारदीवारी व मकान तोड़ने वाले गिरोह का बॉस कौन है। इस संबंध में सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार आनंद कुमार ने पुलिस के समक्ष स्वीकारोक्ति बयान में बताया है कि बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू व उनके भाई सोनू सिंह ही उस सबका बॉस है। आनंद ने विधायक व उनके भाई के कई कारनामों का राज भी खोला है। सिटी एसपी ने बताया कि यह घटना रुपये वसूली के लिए की गई।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsअमित कुमार रानू मेरे बॉस हैं.., घर ढहाने में अरेस्ट आनंद ने खोले कई राज