Hindi Newsबिहार न्यूज़American girl fell in love with Bihari boy both get married in Chapra

बिहारी युवक पर आया अमेरिका की युवती का दिल, 7 फेरे लेने सात समंदर पार पहुंचीं साफिया

सारण (छपरा) के आनंद कुमार को अमेरिकी युवती साफिया से प्यार हो गया। दोनों ने शादी का मन बनाया। साफिया सात समंदर पार आई और भारतीय परंपरा के साथ आनंद संग सात फेरे लेकर शादी के बंधन में बंध गईं।

Jayesh Jetawat हिन्दुस्तान, दाउदपुर (छपरा)Tue, 21 Jan 2025 11:21 AM
share Share
Follow Us on

प्यार सरहद की सीमा को नहीं मानता है। जब दो लोग एक-दूसरे को दिल दे बैठते हैं, तो फिर सात समंदर पार करना भी आसान हो जाता है। ऐसा ही एक वाकया बिहार के सारण (छपरा) जिले में देखने को मिला है। अमेरिका की रहने वाली एक लड़की ने न केवल एक बिहारी युवक को दिल दे दिया बल्कि उसे पति के रूप में स्वीकार कर दांपत्य जीवन में बंधने भारत आ गई। मांझी प्रखंड के चंदऊपुर गांव में सोमवार को छपरा के दूल्हा एवं अमेरिकी दुल्हन की हिंदू रीति-रिवाजों से शादी हुई। यह विवाह चर्चा का विषय बना हुई है।

पंडित आचार्य विक्की पांडेय ने देसी दूल्हा और विदेशी दुल्हन की विधिवत शादी कराई। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। दुल्हन के साथ अमेरिका से मेहमान भी छपरा पहुंचे। चंदउपुर निवासी सेवानिवृत्त सैनिक नरेंद्र सिंह एवं सुगंधी देवी के पुत्र 33 वर्षीय आनंद कुमार सिंह अमेरिका में होटल व्यवसाय से जुड़े हैं। इसी दौरान वहां उनकी साफिया सेंगर से मुलाकात हुई। एक-दूसरे को समझने के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया।

आनंद कुमार ने अपने माता-पिता से शादी के बारे में बातचीत की। परिवार वालों ने कहा कि हमें कोई आपत्ति नहीं है। हम दोनों की शादी धूमधाम से करने को तैयार हैं। उसके बाद 16 जनवरी को साफिया अपने भाई एवं बहन के साथ और आनंद अपने चार अमेरिकी दोस्तों के साथ चंदउपुर गांव पहुंचे। वहां 20 जनवरी को आनंद एवं साफिया भारतीय परंपरा के साथ शादी के बंधन में बंध गए।

ये भी पढ़ें:बिहारी दूल्हा, विदेशी दुल्हन; अमन के प्यार में विवियान बनीं अर्चना

उसके पहले विधिवत रूप से गांव के काली स्थान से बारात निकली और दरवाजे पर पहुंची। फिर शिव मंदिर में शादी की रस्में संपन्न हुईं। जब बारात रथ पर दूल्हा-दुल्हन के साथ शिव मंदिर पहुंची तो बड़ी संख्या में देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। फोटो खींचने वालों की भी कमी नही थी। महिलाओं ने मंगल गीत गाए। इस शादी की चर्चा दूर-दूर तक लोगों को करते देखा गया।

अगला लेखऐप पर पढ़ें