बिहार में बड़ा कांड करने वाला था अमन शुक्ला, उससे पहले ही पुराने गुर्गे ने करवा दिया मर्डर
पटना के कुख्यात अमन शुक्ला की हत्या उसके पुराने गुर्गे सोनू उर्फ कल्लू ने ही 5 लाख रुपये की सुपारी देकर करवाई। बैंक डकैत अमन बिहार में फिर से कोई बड़ी वारदात करने की फिराक में था। इसी को लेकर उसका सोनू से विवाद चल रहा था।

बिहार की राजधानी पटना में कु्ख्यात अमन शुक्ला हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में शूटर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड सोनू उर्फ कल्लू बताया जा रहा है, जो पूर्व में अमन शुक्ला का गुर्गा था। पटना पुलिस के अनुसार, अमन शुक्ला पहले बैंक डकैती में जेल जा चुका है। फिर से वह बिहार में कोई लूट या कोई बड़ी वारदात करने की तैयारी में था। इसी बात पर उसका अपने पुराने गुर्गे सोनू उर्फ कल्लू से विवाद चल रहा था। सोनू ने 5 लाख रुपये की सुपारी देकर अमन की हत्या करवा दी।
पुलिस को उस पर शक ना हो, इसलिए सोनू ने एक पुराने मामले में जमानत खत्म होने के बाद वारदात वाले दिन ही कोर्ट में सरेंडर कर दिया और जेल पहुंच गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम परसा बाजार निवासी जितेंद्र कुमार, सुजीत कुमार और धर्मेंद्र कुमार बताए जा रहे हैं। सोनू ने जितेंद्र को सुपारी दी थी। सुजीत और धर्मेंद्र ने मिलकर हत्या को अंजाम दिया। सुजीत बाइक चला रहा था और धर्मेंद्र ने अमन पर गोली चलाई थी।
कई सफेदपोश भी रडार पर
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने मंगलवार को प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि आपसी विवाद में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। अमन शुक्ला किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था। इसके लिए वह कई लोगों के संपर्क में था। कई व्यापारी, जमीन कारोबारी जैसे सफेदपोश के नाम भी सामने आए हैं, उनकी जांच की जा रही है। इसी को लेकर उसके पूर्व सहयोगी सोनू का उससे विवाद होने लगा।
डेढ़ महीने से प्लानिंग कर रहा था सोनू
सोनू उर्फ कल्लू ने अमन शुक्ला ही हत्या की योजना बनाई और जितेंद्र को सुपारी दी। मर्डर की पूरी प्लानिंग डेढ़ महीने से चल रही थी। सोनू को डर था कि अगर उसने अमन को नहीं मरवाया, तो अमन उसे मरवा देगी। गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र का भी आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर हत्या के मामले चल रहे हैं और इन दिनों सुपारी किलर के रूप में सक्रिय था।
लव एंगल से पुलिस का इनकार
पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 पिस्टल, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, हेलमेट और 71 हजार रुपये कैश भी बरामद किया। अमन शुक्ला हत्याकांड में पूर्व में प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आया था, लेकिन पुलिस ने फिलहाल इस बात से इनकार कर दिया। एसएसपी ने कहा कि केस की जांच अभी चल रही है।
पत्नी-बेटे के सामने अमन को गोली से उड़ाया
5 जनवरी की शाम को कुख्यात अमन शुक्ला की पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय अमन की पत्नी पूजा और 9 साल का बेटा भी साथ था। अमन अपने बेटे का इलाज कराकर लौट रहा था, तभी बाइक सवार अपराधियों ने उसपर फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया।
52 लाख की बैंक डकैती का मास्टरमाइंड था अमन
22 जून 2020 को बेऊर के पंजाब नेशनल बैंक में हुई 52 लाख रुपये की बैंक डकैती का अमन शुक्ला मुख्य सरगना था। इस मामले में वह जेल गया था और पिछले साल मई महीने में ही जेल से बाहर आया था।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें

