चिराग के विधायक अमित रानू पर पुलिस का दावा, बाहरी और कमजोर को बनाते थे शिकार; 9 केस में नामजद

हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर, हिप्र
Follow us on Google News
share

20 अगस्त को बेलसंड विधायक और उनके भाई के समर्थकों ने मुजफ्फरपुर के अहियापुर में 52 लोगों की जमीन की चहारदीवारी एवं मकान को बुलडोजर से तोड़ दिया था। इस मामले को लेकर बेलसंड विधायक व उनके भाई सहित अन्य के विरुद्ध 25 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई है।

चिराग पासवान के साथ अमित कुमार रानू
चिराग पासवान के साथ अमित कुमार रानू

बिहार के मुजफ्फरपुर के अहियापुर के झपहां उदनडीह गांव में मकान के लिए भूमि खरीदने वालों में अधिकतर बाहरी व कम आय वाले हैं। इनमें ज्यादातर सीतामढ़ी जिले व उससे सटे इलाके के हैं। इन्होंने मकान बनाने के लिए दो से चार डिसमिल भूमि खरीदी थी। यह भूमि वर्ष 2022 के बाद खरीदी गई थी। बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू व उसके भाई सोनू सिंह ने इसलिए इनको अपना आसान शिकार बनाया। भूमि कब्जा करने वालो गिरोहों की कुंडली मुजफ्फरपुर पुलिस खंगाल रही है। अहियापुर इलाके में भूमि हथियाने की कोशिश समेत अन्य मामलों में विधायक को विभिन्न थानों में दर्ज 9 कांडों में नामजद किया गया है।

पिछले 20 अगस्त को बेलसंड विधायक व उसके भाई के समर्थकों ने इस गांव की उक्त 52 लोगों की जमीन की चहारदीवारी एवं मकान को बुलडोजर से तोड़ दिया था। इस मामले को लेकर बेलसंड विधायक व उनके भाई सहित अन्य के विरुद्ध 25 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ितों ने जमीन की दाखिल-खारिज के कागजात व राजस्व रसीद भी पुलिस के समक्ष पेश किया है। सिटी एसपी मोहिब्बुलाह अंसारी ने बताया कि भय पैदा कर वसूली के इरादे से चहारदीवारी व मकान को तोड़ा गया है। अब तक सात आरोपितों को जेल भेजा गया है।

20 अगस्त की वारदात में छानबीन जारी

एक पीड़ित ओलीपुर के राजा कुमार ने पुलिस को बताया कि 2023 में मकान बनाने के लिए उसने अपनी मां के नाम से झपहां उदनडीह गांव में चार डिसमिल जमीन खरीदी थी। बाद में इसमें से दो डिसमिल अरविंद कुमार की पत्नी के नाम से रजिस्ट्री कर दी। अरविंद उक्त जमीन पर मकान बनाकर रह रहा था और उसकी बची हुई जमीन को उसने चहारदीवारी से घेराबंदी की थी। वह अपने गांव में रह रहा था। 20 अगस्त को चहारदीवारी तोड़ी जाने की सूचना पर वह झपहां उदन गांव पहुंचा था। वहां विधायक के समर्थकों ने उसे धमकी दी। उनसे बताया कि अधिकांश जमीन खरीदने वाले बाहरी हैं। इसके कारण भी विधायक व उसके समर्थकों का आसान शिकार बन गए हैं। इसी मामले में चल रही छानबीन में नए नए खुलासे हो रहे हैं।

फर्जी दस्तावेज पर पैतृक भूमि बेचने का आरोप

मुजफ्फरपुर के झपहां उदनडीह में 1.54 एकड़ भूमि को बालूघाट के अमित प्रकाश ने उनका पैतृक होने का दावा किया है। उक्त भूमि को फर्जी तरीके से बेचने का आरोप लगा सीजेएम कोर्ट में परिवाद दाखिल किया है। इसी भूमि पर बने 52 लोगों की चहारदीवारी व अर्द्धनिर्मित मकान को बेलसंड विधायक के समर्थकों ने बुलडोजर से तोड़ने का आरोप लगाया गया था। परिवाद में उसने आरोप लगाया है कि झपहां उदनडीह गांव स्थित उसकी 1.54 एकड़ पैतृक भूमि मनियारी थाना के हरपुर बलड़ा गांव के राकेश कुमार सिन्हा उर्फ चुन्नू ने फर्जी दस्तावेज के आधार साजिश के तहत अन्य आरोपितों को बेच दिया।

बिना रुपये दिए रजिस्ट्री मामले में बयान दर्ज

बिना रुपये दिए जमीन रजिस्ट्री कराने के मामले में ब्रह्मपुरा के कृष्णा टोली निवासी पीड़िता आशा देवी को पुलिस ने बुधवार को विशेष कोर्ट (एमपी/एमएलए मामले) में पेश किया। कोर्ट में उसका बयान दर्ज हुआ। बयान को सीलबंद रखा गया है। इससे पहले अहियापुर के झपहां उदनडीह गांव में 52 लोगों की भूमि की चहारदीवारी व अर्द्धनिर्मित मकान को बुलडोजर से तोड़ने के मामले में तीन पीड़ितों का कोर्ट में बयान दर्ज हो चुका है। इन मामलों में बेलसंड के विधायक अमित कुमार रानू व अन्य को आरोपित बनाया गया है। आशा ने 28 अगस्त को ब्रह्मपुरा थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी।

विधायक के भाई को रुपए देने को कहा

औराई थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव के प्रह्लाद कुमार ने बताया कि 2025 में उसने अपनी पत्नी के नाम से सवा नौ धूर जमीन खरीदी थी। इसकी चहारदीवारी कराई थी। बेलसंड विधायक के समर्थकों ने बुलडोजर से चहारदीवारी तोड़ दी। उससे जमीन पर कब्जा के लिए विधायक के भाई सोनू सिंह को रुपये देने को कहा गया।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsचिराग के विधायक अमित रानू पर पुलिस का दावा, बाहरी और कमजोर को बनाते थे शिकार