बिहार में एके-47 की तस्करी का नेटवर्क कोहिमा, मिजोरम और आइजोल तक फैला; NIA जांच में कई खुलासे

हिन्दुस्तान, प्रमुख संवाददाता, मुजफ्फरपुर
Follow us on Google News
share

सूत्रों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि हथियार तस्करी का नेटवर्क कोहिमा, मिजोरम और आइजोल तक फैला है। म्यांमार सीमा से लगे पूर्वोत्तर राज्यों के रास्ते हथियारों को पहले नगालैंड लाया जाता था, फिर वहां से बिहार समेत अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाता था।

ak 47
इस मामले में दीमापुर में सक्रिय अहमद अंसारी के हथियार सप्लायर नेटवर्क की जांच एनआईए कर रही है। (सांकेतिक तस्वीर)

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एके-47 हथियार तस्करी नेटवर्क के तार अब म्यांमार के मिलिशिया समूह से जुड़ रहे हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि तस्करों ने म्यांमार के केरेन नेशनल यूनियन जैसे मिलिशिया समूह से एके-47 और अन्य अत्याधुनिक हथियारों की खेप ली थी। इस कांड में गिरफ्तार अहमद अंसारी के दीमापुर में नेटवर्क की एनआईए जांच कर रही है। दीमापुर में अहमद अंसारी के पास से दो वॉकी-टॉकी की जब्ती के बाद से ही इसमें मिलिशिया ग्रुप के जुड़ाव की आशंका जताई जा रही थी। सूत्रों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि हथियार तस्करी का नेटवर्क कोहिमा, मिजोरम और आइजोल तक फैला है। म्यांमार सीमा से लगे पूर्वोत्तर राज्यों के रास्ते हथियारों को पहले नगालैंड लाया जाता था, फिर वहां से बिहार समेत अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाता था। एनआईए इससे पहले भी हथियार तस्करी को लेकर नगालैंड में मिलिशिया ग्रुप से जुड़ाव के तार खंगाल रही थी।

इस मामले में दीमापुर में सक्रिय अहमद अंसारी के हथियार सप्लायर नेटवर्क की जांच एनआईए कर रही है। बताया जा रहा है कि अहमद अंसारी का नेटवर्क ही म्यांमार के सप्लायरों से संपर्क में था और एके-47 की खेप मंगवाकर मुजफ्फरपुर के तस्करों को पहुंचाता था। मुजफ्फरपुर में पकड़े गए तस्करों से पूछताछ में भी कई लिंक मिले हैं, जो दीमापुर के हथियार डीलरों से जुड़ते हैं। एनआईए की टीम ने हाल में नगालैंड में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। अधिकारियों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी का यह नेटवर्क काफी संगठित है। जांच पूरी होने के बाद कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

क्या है पूरा मामाला

बता दें कि सात मई 2024 को पुलिस टीम ने एके-47 जब्त की थी। इस मामले में पुलिस ने पहले मुजफ्फरपुर जंक्शन से विकास और सत्यम को एके-47 में लगने वाला बट और लेंस के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने फकुली थाना के मनकौली गांव में देवमनी को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर मनकौली गांव स्थित श्मसान स्थित पुल के नीचे छिपाकर रखी गई एके-47, मैग्जिन और 5 कारतूस जब्त किए गए थे।

बांग्लादेशी ठग को लेकर सीमा पर अलर्ट

इधर मुजफ्फरपुर शहर के स्टेशन रोड स्थित दुकान से बांग्लादेशी ठग नजबुल आलम का मोबाइल मिलने के बाद जिला पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियां हरकत में आ गई हैं। बांग्लादेश में करोड़ों की ठगी कर भागे इस आरोपी के मुजफ्फरपुर में ठहरने और बिना सिम के केवल वाई-फाई और वाट्सएप के जरिए नेटवर्क चलाने के खुलासे ने सुरक्षा तंत्र को चौकन्ना कर दिया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो मामला सामने आने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों से लेकर अन्य जांच एजेंसियों ने सोमवार को नगर थानेदार से संपर्क कर इसकी जानकारी ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब स्टेशन रोड और आसपास के होटलों, लॉज और धर्मशालाओं का रिकॉर्ड खंगाल रही है। बीते 2 सितंबर की शाम नजबुल जिस दुकान पर मोबाइल भूला था, उसके आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाले जा रहे हैं।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शहर में उसे किसने शरण दी और उसकी मदद में कौन-कौन शामिल थे। जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के मोबाइल से मिले बांग्लादेशी पहचान पत्र (एनआईडी) और अन्य संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर केंद्रीय एजेंसियों ने भारत-बांग्लादेश और भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस को अंदेशा है कि नजबुल मुजफ्फरपुर को सेफ हाउस की तरह इस्तेमाल कर नेपाल भागने की फिराक में हो सकता है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार में एके-47 की तस्करी का नेटवर्क कोहिमा, मिजोरम तक फैला;NIA जांच में खुलासा