एयरटेल के 700 से ज्यादा सिम साइबर ठगों को बेच डाला, सीबीआई ने बिहार के वैशाली से वितरक को पकड़ा

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share

सीबीआई ने यह कार्रवाई सिम बॉक्स से साइबर ठगी मामले की जांच के दौरान मिले साक्ष्य के आधार पर की। वैशाली जिले से एयरटेल के डिस्ट्रीब्यूटर को पकड़ा गया है। उसपर 700 से ज्यादा सिम बेचने का आऱोप है। 

Airtel
एयरटेल का सिम साइबर ठगों को बेचने वाला बिहार से पकड़ा गया है। (सांकेतिक तस्वीर)

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अवैध सिम बॉक्स से साइबर ठगी के मामले में बिहार के वैशाली जिले के महुआ से एक निजी टेलीकॉम कंपनी के क्षेत्रीय वितरक को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने बिहार के वैशाली और ओडिशा के जगतसिंहपुर में दस ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप और सिम कार्ड समेत अन्य डिजिटल उपकरण भी जब्त किए हैं। वैशाली के जिस वितरक को गिरफ्तार किया गया है, उस पर 700 से अधिक संदिग्ध सिम निर्गत करने का आरोप है। इनका इस्तेमाल अवैध सिम बॉक्स संचालन तथा साइबर ठगी की घटनाओं में किया गया।

सीबीआई ने यह कार्रवाई सिम बॉक्स से साइबर ठगी मामले की जांच के दौरान मिले साक्ष्य के आधार पर की। जांच एजेंसी ने 1300 से अधिक सिम कार्ड से संबंधित डेटा का विश्लेषण करते हुए कई सिम बिक्री केंद्रों (प्वाइंट ऑफ सेल) को चिह्नित किया। जांच में पाया गया कि अधिकतर सिम कार्ड बिहार और ओडिशा से जारी किए गए थे। 700 से अधिक सिम कार्ड वैशाली जिले में एयरटेल के एक क्षेत्रीय वितरक द्वारा जारी किए गये थे। सिम बॉक्स का दुरुपयोग करते हुए डिजिटल अरेस्ट सहित 73 तरीके की ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। सीबीआई ने जांच के दौरान उन उपभोक्ताओं से पूछताछ की, जिनके नाम पर सिम निर्गत किए गए थे।

सीबीआई ने जांच के दौरान उन उपभोक्ताओं से पूछताछ की, जिनके नाम पर सिम निर्गत किए गए थे। कई ग्राहकों को इस बात की जानकारी ही नहीं थी कि उनके नाम पर सिम भी जारी किया गया था। ग्राहकों ने एजेंसी को बताया कि सिम पोर्ट कराने या किसी अन्य सेवा को लेकर पीओएस संचालक द्वारा ई-केवाईसी के लिए खुद को कई बार अधिकृत करने के लिए कहा गया। इसका फायदा उठाते हुए उनके पहचान पर नये सिम जारी किए गये। ई-केवाईसी और बायोमेट्रिक डेटा तथा पीओएस संचालक के विवरण का दुरुपयोग किया गया।

सुपौल-पूर्णिया में मिले थे बॉक्स

ईओयू ने जुलाई, 2025 में सुपौल और भोजपुर के नारायणपुर और सितंबर 2025 में समस्तीपुर तथा पूर्णिया जिले में सिम बॉक्स बरामद किए थे। इसे चीन से नेपाल के रास्ते लाया गया था। एक सिम बॉक्स में लगे छह दर्जन से अधिक सिम की मदद से अंतरराष्ट्रीय कॉल को लोकल में बदल कर साइबर ठगी की जाती थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआई इसकी जांच कर रही है।

क्या है सिम बॉक्स

यह ऐसा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण है, जिसमें एक साथ सैकड़ों लोकल सिम लगाए जा सकते हैं। यह उपकरण इंटरनेट के जरिए अंतरराष्ट्रीय कॉल्स को प्राप्त करने के बाद उन्हें इस तरह स्थानांतरित करता है, जिससे किसी व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर स्थानीय नंबर आता है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsएयरटेल के 700 सिम साइबर ठगों को बेचा, सीबीआई ने बिहार से वितरक को पकड़ा