इंडिगो संकट: जमकर जेब काट रहे एयरलाइन, बेंगलुरु से पटना का टिकट 70 हजार, दिल्ली से 40 हजार पार
इंडिगो संकट से पैदा विचित्र हालात में स्पाइसजेट, एयर इंडिया एक्सप्रेस, एयर इंडिया और अकासा एयरलाइंस कूटकर किराया वसूल रही है। पटना का टिकट दिल्ली से 40 हजार, मुंबई से 36 हजार और बेंगलुरु से 70 हजार पार हो गया है।
पायलट और क्रू मेंबर की कमी की वजह से दो दिन में इंडिगो एयरलाइंस की सैकड़ों फ्लाइट रद्द होने के कारण जहां यात्रियों के बीच हाहाकार मचा हुआ है, वहीं बाकी एयरलाइन कूटकर किराया बढ़ा और मुनाफा कमा रहे हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु समेत देश के अन्य शहरों में बिहार के पटना, दरभंगा, गया और पूर्णिया एयरपोर्ट आने वाली फ्लाइट्स के टिकट का दाम आसमान छू रहा है। 5 दिसंबर को दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से पटना की कोई फ्लाइट अब नहीं मिल रही है, लेकिन इन तीनों सेक्टर का आज का किराया सामान्य से 5-6 गुना ज्यादा रहा। बेंगलुरु से पटना आने के लिए 72 हजार का एक टिकट बिका।
दिल्ली से पटना आने-जाने का किराया
हवाई टिकट कटाने की वेबसाइट क्लीयर ट्रिप पर शुक्रवार की शाम 5 बजे 6 दिसंबर को दिल्ली से पटना की 2 फ्लाइट दिख रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस का किराया 24999 और स्पाइसजेट का टिकट 40483 रुपये का चल रहा है। 7 दिसंबर को 5 फ्लाइट दिल्ली से पटना जाती दिख रही हैं। एयर इंडिया की 3 फ्लाइट का किराया 17273 रुपये, एयर इंडिया एक्सप्रेस की 1 फ्लाइट का फेयर 24999 रुपये और स्पाइसजेट के एक विमान का किराया 40483 रुपये चल रहा है। पटना से दिल्ली 6 दिसंबर को इंडिगो की 5 फ्लाइट की बुकिंग खुली दिख रही है, जिनका किराया इस समय 19 हजार से 25 हजार के बीच चल रहा है।
मुंबई से पटना आने-जाने का किराया
मुंबई से पटना के लिए आज कोई सीधी फ्लाइट नहीं दिख रही है। एक स्टॉप के साथ स्पाइसजेट की दो फ्लाइट पटना जाती दिख रही है, जिन दोनों का किराया 80433 रुपये चल रहा है। मुंबई से पटना के लिए 6 दिसंबर को स्पाइसजेट की सीधी सेवा का किराया 36333 रुपये और एक स्टॉप के साथ 5 फ्लाइट का किराया 78333 रुपये से 86733 रुपये तक है। 7 दिसंबर को भी स्पाइसजेट की सीधी सेवा का किराया 21109 रुपये चल रहा है। एक स्टॉप के साथ एयर इंडिया, स्पाइसजेट व एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक टिकट 42347 रुपये से 86733 रुपये तक चल रहा है। पटना से मुंबई 6 दिसंबर को इंडिगो एक स्टॉप के साथ 35839 रुपये में ले जा रही है। 7 दिसंबर को पटना से मुंबई की 2 फ्लाइट दिख रही है। स्पासइजेट का किराया 42663 रुपये और एक स्टॉप के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस का फेयर 49467 रुपये चल रहा है।
बेंगलुरु से पटना आने-जाने का किराया
बेंगलुरु से पटना की अब आज कोई फ्लाइट नहीं है। आज की फ्लाइट का किराया 72 हजार पार चल गया था। 6 दिसंबर को सीधी सेवा में इंडिगो की 2 फ्लाइट है, जिनका किराया 11280 और 23040 रुपये है। 7 दिसंबर को एयर इंडिया एक्सप्रेस की इकलौती सीधी सेवा का किराया 24999 रुपये चल रहा है। एक स्टॉप के साथ अलग-अगल कंपनियों का टिकट 36428 से 83468 रुपये के बीच चल रहा है। पटना से बेंगलुरु के लिए 6 दिसंबर को स्पासइजेट की इकलौती फ्लाइट एक स्टॉप के साथ 61970 रुपये में ला रही है। 7 दिसंबर को भी स्पाइसजेट की दो फ्लाइट एक स्टॉप के साथ 81110 और 88144 रुपये में ला रही है।
कोलकाता से पटना आने-जाने का किराया
कोलकाता से पटना के लिए अब आज या कल की कोई फ्लाइट नहीं दिख रही है। 7 दिसंबर को एयर इंडिया की एक स्टॉप के साथ पटना आने का किराया 40117 रुपये चल रहा है। पटना से कोलकाता की 6 दिसंबर को इंडिगो की 4 फ्लाइट दिख रही है, जिनका किराया 14435 रुपये से 26352 रुपये तक चल रहा है। 7 दिसंबर को कोई फ्लाइट इस समय नहीं दिख रही है।
हैदराबाद से पटना आने-जाने का किराया
हैदराबाद से भी आज की फ्लाइट नहीं बची है। 6 दिसंबर को सीधी सेवा में इंडिगो की दो फ्लाइट का किराया 10676 और 22961 चल रहा है। 7 दिसंबर को कोई सीधा सेवा नहीं है। एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक स्टॉप के साथ 49034 रुपये का टिकट मिल रहा है। पटना से हैदराबाद की एक इंडिगो फ्लाइट 6 दिसंबर को है, जिसका किराया 32879 रुपये चल रहा है। 7 दिसंबर को फ्लाइट ही नहीं है।
चेन्नई से पटना आने-जाने का किराया
चेन्नई से पटना का अब आज कोई जहाज नहीं है। 6 दिसंबर को सीधी सेवा में इंडिगो के दो विमान हैं, जिनका किराया 8439 और 25658 चल रहा है। 7 दिसंबर को स्पाइसजेट की इकलौती सीधी सेवा का टिकट 38312 रुपये चल रहा है। एक स्टॉप के साथ अलग-अलग कंपनियों का टिकट 49033 रुपये तक का बिक रहा है। पटना से चेन्नई जाने के लिए 6 दिसंबर को 3 फ्लाइट इंडिगो की है। सीधी सेवा की 2 फ्लाइट का किराया 26142 और एक स्टॉप वाले विमान का 37535 रुपये चल रहा है। 7 दिसंबर को कोई फ्लाइट पटना से चेन्नई नहीं जा रही है।
दरभंगा आने-जाने के किराया में भी आग लगी है
6 दिसंबर को दिल्ली से दरभंगा की दो सीधी फ्लाइट का किराया 18785 और 24105 रुपये चल रहा है। एक स्टॉप के साथ किराया 51 हजार से 71 हजार के बीच चल रहा है। 7 दिसंबर का फेयर 24 हजार से 71 हजार के बीच चल रहा है। मुंबई से आने का किराया 5 दिसंबर को एक स्टॉप के साथ 64 हजार पर चल रहा है। 6 दिसंबर और 7 दिसंबर को सीधी या एक स्टॉप सेवा का किराया 23 हजार से 70 हजार के बीच चल रहा है। बेंगलुरु से आज और कल कोई सेवा नहीं दिख रही है। 7 दिसंबर को एक स्टॉप के साथ 55 हजार से 67 हजार के बीच का एक टिकट आ रहा है।





