
ओवैसी को धोखा देने वाले धराशायी; AIMIM ने वही 5 सीटें फिर जीती, सीमांचल में कई जगह टॉप 3 में एंट्री
Asaduddin Owaisi AIMIM Seemanchal Results: असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने सीमांचल में वही 5 सीटें फिर से जीत ली है, जो 2020 के चुनाव में जीती थी। उसके चार विधायक 2022 में राजद में शामिल हुए थे। तीन के टिकट कट गए और एक हार गया।
सीमांचल के चार जिलों की 24 में 5 सीट पर असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम ने फिर से जीत हासिल की है। संयोग से यह पांच सीट वही हैं जो ओवैसी की पार्टी ने अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जिले में 2020 के चुनाव में जीती थी। ओवैसी के 4 विधायक 2022 में तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हो गए थे। उन चार विधायकों में तीन का टिकट कट गया और जो एक लड़ा, वो बुरी तरह हारा। चार विधायकों के धोखा देने के बाद कमजोर मानी जा रही ओवैसी की पार्टी को जोकीहाट, अमौर, बायसी, बहादुरगंज और कोचाधामन के वोटरों ने अपनी सीट पर फिर से AIMIM को जिता दिया है। ओवैसी के कैंडिडेट किशनगंज जिले की बाकी दो सीट सदर और ठाकुरगंज में दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे हैं। कटिहार में भी एआईएमआईएम प्रत्याशी ने एक सीट पर कुछ देर बढ़त बनाई थी।
ओवैसी की पार्टी 25 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। इसने पशुपति पारस की रालोजपा, स्वामी प्रसाद मौर्य और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी से गठबंधन किया था। अररिया जिले की जोकीहाट सीट से एआईएमआईएम के मुर्शीद आलम 28803, पूर्णिया जिले की अमौर सीट से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान 38928, कोचाधामन में सरवर आलम 23021 और बहादुरगंज में तौसीफ आलम 28726 वोट के अंतर से जीत गए हैं। बायसी में गुलाम सरवर आखिरी राउंड के बाद 27251 वोट से आगे हैं और जीत चुके हैं।
Seemanchal Election Result: सीमांचल में भी एनडीए ने गाड़ा झंडा, ओवैसी की पार्टी 6 पर आगे
किशनगंज के ठाकुरगंज में एआईएमआईएम के गुलाम हसनैन आगे हुए थे, लेकिन जेडीयू नेता गोपाल अग्रवाल ने उन्हें 8822 वोट से हरा दिया। किशनगंज सीट पर एआईएमआईएम के शम्स अगाज 51370 वोट लाकर तीसरे नंबर पर रहे, जिसे कांग्रेस के कमरुल होदा ने जीता। कटिहार के बलरामपुर में ओवैसी के कैंडिडेट आदिल हुसैन दूसरे नंबर पर हैं, जबकि सीपीआई-माले के मौजूदा विधायक महबूब आलम तीसरे नंबर पर चले गए हैं। यहां लोजपा-आर की संगीता देवी आगे हैं। आदिल आखिरी राउंड की गिनती से पहले 791 वोट से पीछे हैं।
अररिया सीट पर मंजूर आलम 48 हजार वोट से ऊपर लाकर तीसरे नंबर पर रहे, जहां कांग्रेस सबसे आगे है। कसबा सीट पर लोजपा-आर के नितेश सिंह कांग्रेस के 12132 वोट से आगे चल रहे हैं। कसबा में ओवैसी के कैंडिडेट शाहनवाज आलम 35307 के साथ तीसरे नंबर पर हैं। इन सीटों के अलावा भी ओवैसी वैशाली जिले की महुआ सीट पर चौथे नंबर पर रही जहां कुछ समय तक उसके कैंडिडेट बच्चा राय तेज प्रताप यादव से भी आगे चल रहे थे।
2020 में एआईएमआईएम के टिकट पर अमौर से अख्तरुल ईमान, बायसी से रुकनुद्दीन अहमद, बहादुरगंज से अंजार नईमी, कोचाधामन से इजहार असफी और जोकीहाट से शाहनवाज आलम जीते थे। 2022 में नीतीश कुमार के महागठबंधन सरकार बनाने पर ईमान को छोड़ बाकी चार विधायक राजद में चले गए थे। तेजस्वी ने इस चुनाव में शाहनवाज को छोड़कर बाकी का टिकट ही काट दिया।





