तेज प्रताप यादव के घर चोरी के गवाह ड्राइवर और पत्नी को मिली धमकी, आकाश यादव का उछला नाम

हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
Follow us on Google News
share

तेज प्रताप यादव के घर में हुई कथित चौरी के बाद से पुलिस इसकी जांच-पड़ताल में लगी है। इस बीच इस चोरी के गवाह जेजेडी सुप्रीमो को ड्राइवर ने धमकी मिलने का आरोप लगाया है। ड्राइवर ने आकाश यादव के नाम से धमकी मिलने की बात कही है।

tej prapta yadav akash yadav

राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के आवास पर चोरी मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनतांत्रिक परिषद (जेजेपी) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के गवाहों ने आरोप लगाया है कि उन्हें धमकी मिली है। तेज प्रताप यादव के चालक अनिल कुमार यादव और उनकी पत्नी ने इस मामले में अब सुरक्षा की भी मांग कर दी है। दोनों का आरोप है कि उन्हें गवाही से पीछे हटने के लिए धमकी मिली। दोनों ने शुक्रवार को गर्दनीबाग थाना में शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है। दावा किया गया है कि चालक अनिल कुमार की पत्नी रंजू देवी गुरुवार की रात अकेली घर पर थीं।

इसी दौरान कुछ लोग उनके घर पहुंचे और उनसे अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने चोरी के मामले में गवाही नहीं देने की चेतावनी दी। आरोप है कि बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने आकाश यादव का नाम लेते हुए पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने और उठवा लेने जैसी धमकियां भी दीं। इस घटना के बाद अनिल यादव और उनकी पत्नी ने पुलिस से इस मामले में निष्पक्ष जांच और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। बता दें कि तेज प्रताप यादव ने सचिवालय थाना में पूर्व निजी सहायक मोतीलाल राय के खिलाफ अपने आवास से चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

कैश, सोना और मोबाइल चोरी का आरोप

बता दें कि बिहार में जन जनवादी पार्टी (जेजेडी) के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (पीए) के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बीते मंगलवार को पटना स्थित उनके आवास का निरीक्षण किया था। यह कथित चोरी सोमवार देर रात राज्य की राजधानी पटना के हार्डिंग रोड स्थित उनके आवास संख्या 42 में हुई। तेज प्रताप यादव ने सचिवालय थाना में दिए अपने लिखित आवेदन में कहा, "सोमवार रात लगभग 11:30 बजे मेरे चालक अनिल यादव तथा मेरे साथ रहने वाले विशाल ने मेरे निजी सहायक को एक बैग लेकर आवास की चहारदीवारी फांदकर भागते हुए देखा। दोनों प्रत्यक्षदर्शी हैं और उनका कहना है कि चोरी की घटना पीए ने ही अंजाम दी है।"

आरोपी की पहचान वैशाली जिले के बिशुनपुर सैद अली-मनियारपुर निवासी मोतीलाल राय के रूप में हुई है। तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि उनकी पार्टी फंड की 20 लाख रुपये नकद राशि के अलावा 23 ग्राम से अधिक वजन की एक सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लैपटॉप तथा चार आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन उनके आवास से चोरी कर लिए गए हैं।

आकाश यादव विवाद भी चर्चा में

आकाश यादव और तेज प्रताप यादव के बीच पिछले कुछ दिनों से आपसी विवाद चर्चा में है। आकाश यादन ने तेज प्रताप, मोतीलाल राय और अन्य पर धमकी देने का आरोप लगाया था। आकाश यादव ने घर में जबरन घुसने का आरोप लगाया थ। इसके बाद तेज प्रताप यादव ने भी आकाश और उसके परिवार पर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया था। उन्होंने सचिवालय थाना में आकाश यादव के विरुद्ध भी शिकायत दर्ज करवाई है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsतेज प्रताप के घर चोरी के गवाह ड्राइवर और पत्नी को धमकी, आकाश यादव का उछला नाम