बिहार में टीचरों के बाद अब पुलिस अफसरों के वेतन की भी जांच के आदेश, पटना पुलिस में मिली गड़ब़ड़ी
सरकारी कर्मियों के वेतन एवं भत्तों का भुगतान ई-एचआरएमएस पोर्टल से किया जाता है। पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों की जांच के दौरान पटना जिले के पुलिस महकमे में वेतन एवं भत्तों के भुगतान से संबंधित विसंगतियां पाई गई हैं।
पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो। बिहार में शिक्षा विभाग से संबंधित टीचरों और पदाधिकारियों के वेतन भुगतान में गड़बड़ी पाए जाने के बाद अब पुलिस वालों को पेमेंट करने में गड़बड़ी पाई गई है। इस गड़बड़ी की भी जांच के आदेश दिए गए हैं। बिहार में पुलिस मुख्यालय सहित गृह विभाग के तहत कार्यरत सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सिपाहियों के वेतन और भत्तों की जांच होगी। जांच पूरी होने के बाद ही नवंबर में अक्तूबर का वेतन और भत्ता मिलेगा। वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने इस संबंध में गृह विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखा है। निर्देश में कहा गया है कि अक्टूबर के वेतन भुगतान से पहले यह जांच अनिवार्य रूप से पूरी करनी होगी।
विभाग ने कहा है कि वेतन भुगतान में मेकर, चेकर और एप्रूवर के स्तर पर अनियमितता मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अधिक भुगतान की गई राशि की वसूली करने का निर्देश भी दिया गया है।
पटना पुलिस में मिली विसंगति
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सरकारी कर्मियों के वेतन एवं भत्तों का भुगतान ई-एचआरएमएस पोर्टल से किया जाता है। पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों की जांच के दौरान पटना जिले के पुलिस महकमे में वेतन एवं भत्तों के भुगतान से संबंधित विसंगतियां पाई गई है।
शिक्षकों के वेतन की होगी जांच
आपको बता दें कि इससे पहले यह आदेश दिया गया था कि शिक्षा विभाग के सभी पदाधिकारियों, स्कूल शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के वेतन एवं भत्तों की शत-प्रतिशत जांच की जाएगी। इसका मकसद वेतन भुगतान में संभावित गड़बड़ियों की पहचान कर समय रहते सुधार करना है। वित्त विभाग ने अक्टूबर माह के वेतन भुगतान से पहले विभाग के सभी कर्मियों (उच्च शिक्षा विभाग को छोड़कर) के वेतन और भत्तों से जुड़े आंकड़ों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने को कहा है।
वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने इस बारे में शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखा है। उन्होंने वेतन भुगतान में अनियमितता पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक एवं अनुशासनिक कार्रवाई और अतिरिक्त भुगतान की राशि की वसूली का निर्देश दिया है। वेतन भुगतान से संबंधित आंकड़ों की जांच में प्रथम दृष्टया कई विसंगतियां सामने आने के बाद वित्त विभाग ने प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया है। वेतन एवं भत्तों की जांच विभाग के वरीय पदाधिकारियों के निर्देशन में होगी।
क्या है वित्त विभाग के पत्र में
वित्त विभाग ने कहा है कि मेकर, चेकर और एप्रूवर या अन्य किसी भी स्तर पर अनियमितता मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गलत तरीके से या अधिक भुगतान की गयी राशि की वसूली भी होगी। वित्त विभाग ने शिक्षा विभाग से इन निर्देशों का शीघ्र पालन सुनिश्चित करने और पूरी प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतिलिपि बिहार के सभी वरीय कोषागार पदाधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

