बिहार में बिजली है भरपूर फिर भी शहर-शहर क्यों हो रही बत्ती गुल, हर रोज 40 हजार शिकायतें आ रहीं

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार में बिजली की कोई किल्लत नहीं है बावजदू इसके कई जिलों में बिजली संकट से हाहाकार मचा हुआआ है। कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार के अधिकांश जिलों में तीन से चार घंटे तक बिजली कटौती हो रही है।

Bihar News

बिहार में बिजली की पर्याप्त उपलब्धता होने के बावजूद आंधी-बारिश और स्थानीय गड़बड़ी से लोग कटौती झेल रहे हैं। पटना सहित राज्य के जिलों में औसतन दो से छह घंटे तक बिजली गुल हो रही है। बताया जा रहा है कि स्थानीय फॉल्ट से बिजली की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद लोग उमस भरी गर्मी में रहने को मजबूर हैं। बिजली कट की शिकायत के बाद भी छोटी तकनीकी खराबियों को दूर करने में घंटों लग जा रहे हैं। खासकर तार टूटने और ट्रांसफार्मर जलने के कारण एक से दो दिन तक आपूर्ति बाधित हो रही है। हालांकि बिजली कंपनी का दावा है कि निर्बाध रूप से आपूर्ति की जा रही है। शहरी इलाके में 23-24 घंटे तो ग्रामीण इलाकों में 22 घंटे तक बिजली दी जा रही है।

गौरतलब है कि इस साल 4 जुलाई को पीक आवर में 9 हजार 155 मेगावाट अधिकतम आपूर्ति हुई है। बिजली विभाग का यह भी दावा है कि 10 हजार मेगावाट से अधिक मांग होने पर भी आपूर्ति में कोई परेशानी नहीं है। आंधी के कारण तार टूटने और ट्रांसफार्मर जलने से भले थोड़ी परेशानी हो रही है। बिजली कंपनियों ने यह भी दावा किया है कि सीएम के निर्देश के बाद किसानों को धान रोपनी के लिए डेडिकेटेड फीडर से दिन में 12 घंटे तक आपूर्ति दी जा रही है।

उत्तर बिहार में भी उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ी

उत्तर बिहार में भी उपभोक्ता परेशान हैं। पश्चिम चंपारण के बेतिया और बगहा में औसतन 18 से 20 घंटे, सीतामढ़ी में शहरी क्षेत्रों को 17 से 18 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों को 16 से 17 घंटे बिजली मिल रही है। पूर्वी चंपारण के मोतिहारी, मधुबनी और समस्तीपुर में 33 केवी व 11 केवी लाइनों में फॉल्ट, लो वोल्टेज और बढ़ते लोड के कारण बार-बार आपूर्ति बाधित हो रही है।

कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार का हाल

कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार के अधिकांश जिलों में तीन से चार घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। सुपौल, पूर्णिया, बांका और दरभंगा में बारिश व तेज हवा से फॉल्ट बढ़ रहे हैं। सहरसा में फ्यूज उड़ने, मधेपुरा में लोकल फॉल्ट से बिजली कट रही है। जमुई में बार-बार ट्रिपिंग, लखीसराय में पेड़ों के संपर्क से तार टूटने और शॉर्ट सर्किट, मुंगेर में लगातार कटौती, खगड़िया में दो से तीन घंटे की बाधा तथा भागलपुर के पीरपैंती, सुल्तानगंज, नाथनगर और अलीगंज के कई फीडरों में मेंटेनेंस के कारण तीन से चार घंटे तक बिजली कट रही है।

गोपालगंज में पांच घंटे तो बक्सर शहरी क्षेत्र में दो घंटे कटौती

गोपालगंज में बारिश से उपकरण खराब होने पर पांच से छह घंटे, जबकि सारण में प्रतिदिन औसतन तीन घंटे बिजली बाधित रह रही है। स्थानीय फॉल्ट के कारण नवादा, नालंदा और रोहतास में एक से ढाई घंटे तक आपूर्ति प्रभावित हो रही है। वैशाली में रोजाना ढाई से तीन घंटे कटौती होती है। गया जी में पिछले कुछ दिनों से चार से पांच घंटे, बेगूसराय में शहरी क्षेत्रों में दो घंटे और ग्रामीण इलाकों में करीब चार घंटे, तथा सीवान में तीन से पांच घंटे बिजली कट रही है। बक्सर के शहरी क्षेत्रों में दो और ग्रामीण इलाकों में चार घंटे कटौती हो रही है।

रोजाना 40 हजार शिकायतें आ रही हैं

राज्यभर से बिजली विभाग के कॉल सेंटर पर रोजाना औसतन 30 से 40 हजार कॉल आ रही हैं। इनमें लगभग 9 हजार शिकायतें बिजली कटने, फ्यूज कॉल और ट्रांसफार्मर जलने की होती हैं। फीडर ओवरलोड होने से फ्यूज कॉल की संख्या बढ़ रही हैं। फ्यूज कॉल मरम्मत के कारण भी तीन-चार घंटे तक आपूर्ति बाधित होती है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।