नीतीश के विधायक के बाद अब ओवैसी के MLA से मांगी रंगदारी, कनाडा से आया फोन
विधायक मुर्शीद आलम ने बताया कि उनके पास इस बातचीत का कॉल रिकॉड मौजूद है। पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

अभी हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक विधायक से रंगदारी मांगे जाने की खबर सामने आई थी। अब बिहार में असदुद्दीन विधायक की पार्टी AIMIM के एक विधायक से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। अररिया जिले में जोकीहाट के एआईएमआईएम विधायक मो. मुर्शीद आलम से पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई है। घटना शुक्रवार देर रात की है। रंगदारी मांगने वाला खुद को कनाडा का जिशान अख्तर बता रहा था। रंगदारी नहीं देने पर उसने विधायक को अंजाम भुगतने की धमकी भी दी।
विधायक मुर्शीद आलम ने बताया कि पहले शुक्रवार की सुबह फिर रात करीब 10.15 बजे कॉल आई। रात में फोन रिसीव करने पर कहा गया कि कनाडा से जिशान अख्तर बोल रहा हूं। मुझे पांच लाख रुपये दो। वरना बुरा अंजाम भुगतोगे। फिर देर रात 11.29 बजे और 11.32 बजे व्हाट्सएप कॉल आई। इसमें फिर धमकाते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गयी। कहा कि यदि पैसे नहीं देना चाहते हो तो असलहा दो वरना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो।
विधायक मुर्शीद आलम ने बताया कि उनके पास इस बातचीत का कॉल रिकॉड मौजूद है। पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
जदयू विधायक पप्पू वर्मा से मांगी थी रंगदारी
आपको बता दें कि इससे पहले कुर्था से जदयू विधायक पप्पू वर्मा से रंगदारी मांगे जाने का मामला आया था। विधायक ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें आरोपितों पर सोशल मीडिया एवं फेसबुक पर गाली गलौज एवं अभद्र भाषा का प्रयोग करने, 50 हजार रंगदारी मांगने का आरोप है। अरवल में विधायक पप्पू वर्मा ने बताया था कि एक हफ्ते पूर्व पटना में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पर बयान दिए थे। उसके बाद कुछ लोग फोन कर धमकी दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर अनाप-शनाप लिख रहे हैं। विधायक ने कहा था कि हम असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हमारे साथ कुछ भी अनहोनी कर सकते हैं। एसपी डॉक्टर नवजोत सिमी ने उस वक्त बताया था कि विधायक के आवेदन पर चैनपुर के प्रवीण कुमार यादव, चौहर के रविंद्र गोप व मखदुमपुर के अवधेश यादव को आरोपी बनाया है।


