नीट में मुन्ना भाई के बाद अब बैंकिंग परीक्षा में सेटिंग करने वाला गिरोह, पटना में 5 अरेस्ट; कई बैंकों के चेक मिले

हिन्दुस्तान टीम
Follow us on Google News
share

नीट परीक्षा के बाद अब बैंकिंग की परीक्षा में धांधली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पटना पुलिस ने इस मामले में 5 धंधेबाजों को दानापुर इलाके से अरेस्ट कर लिया है। इनके पास से कई बैकों के चेक मिले हैं। पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश में है। 

Bank Exam

बिहार में नीट परीक्षा में मुन्नाभाई और सॉल्वर गैंग के सदस्यों के पकड़ाने के बाद अब बैंकिंग की परीक्षा में धांधली करने वाले पुलिस की रडार पर आ गए हैं। पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल नीट (NEET) में फर्जी परीक्षार्थियों की पकड़े जाने की अभी जांच चल रही है, इसी बीच बैंक की परीक्षाओं में सेटिंग कराने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। बिहार की राजधानी पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के मनोकामना मंदिर स्थित एक घर में छापेमारी के दौरान मोटी रकम लेकर बैंक में नौकरी दिलाने वाले रैकेट से जुड़े पांच शातिरों को पुलिस ने सोमवार की रात धर दबोच है।। इनके पास से 22 चेक, मार्कशीट और बैंक की कई परीक्षाओं से जुड़े प्रवेश पत्र बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि इनके पास से बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के विभिन्न बैंक शाखाओं के चेक मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक अभ्यर्थियों से एडवांस में चेक लिया जाता था ताकि परीक्षा पास होने के बाद रकम मिलने की गारंटी रहे। दानापुर एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि सोमवार की रात सूचना मिली थी कि नीट और बैंक परीक्षा को लेकर यहां सेंटिंग की जा रही है। छापामारी के दौरान शाहपुर थाना क्षेत्र के प्रवीण शंकर उर्फ गोलू कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि उसके चार अन्य साथी भी इस काम में लगे हैं।

उसके बाद खाजेकलां के अमित चौधरी व राज कुमार, बिहटा के करन कुमार और मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया। कमरे से इंडियन बैंक की वैशाली शाखा का रामानंद महतो, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक का प्रेम कुमार, भारतीय स्टेट बैंक का हिमांशु जायसवाल, सेंट्रल बैंक आफ इंडिया जमशेदपुर शाखा का गोलू कुमार, एचडीएफसी बैंक उत्तर प्रदेश का वैभव कुमार मिश्रा के नाम का हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक बरामद किया गया।

नौकरी के लिए अग्रिम के तौर पर चेक लिए

पुलिस के मुताबिक, कई चेक में सात लाख राशि भी लिखी हुई थी। यह नौकरी के लिए अग्रिम तौर पर ली जाती थी। हालांकि, गिरफ्त में आए सेटरों ने यह भी बताया है कि अब तक कितने को पैसा लेकर नौकरी दिलाई है। उनसे पूछताछ चल रही है। इस संबंध में रूपसपुर थाने में पांच धंधेबाजों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी में एसटीएफ भी साथ थी। धंधेबाजों के गिरोह में कुछ और लोग भी शामिल हैं। लोगों से मिलने और लेनदेन के लिए इस घर को कार्यालय की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था। गिरोह लंबे समय से सक्रिय था।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।