
3 साल के मासूम के बाद महिला को कुत्ते ने मार डाला; क्यों हिंसक हो रहे जानवर, जानिए
पहलदिया देवी (65) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसे कुत्तों को झूंड ने गतर-गतर काट लिया था। इससे पहले जिले के पारू में तीन साल के बच्चे को कुत्तों ने काटकर मार डाला था।
बिहार के मुजफ्फरपुर में कुत्ते ने एक महिला को मार डाला जबकि दो अन्य महिलाएं एसकेएमसीएच में इलाजरत है। बोचहां थाना क्षेत्र के साहपुर चौर के पास आवारा कुत्ते ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। एतवारपुर ताज निवासी पहलदिया देवी (65) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले जिले के पारू में तीन साल के बच्चे को कुत्तों ने काटकर मार डाला था। बोचहां की गटना में घायल मोहिदान खातून और जुलेखा खातून का इलाज चल रहा है। पहलदिया देवी के पुत्र विनोद राम, प्रमोद राम सहित अन्य परिजनों ने बताया कि कुत्ते ने दो दर्जन से अधिक जगहों पर बुरी तरह से काटा था। गंभीर हालत में एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया था।
विनोद राम ने बताया कि दो महिलाएं साहपुर चौर में काम करने गई थी, वहीं पहलदिया देवी साग तोड़ने गई थी। इसी बीच कुत्ते ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने हमलावर कुत्ते को भगाकर तीनों को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मांस-मछली की दुकानों से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल को खाने से आवारा कुत्ते आक्रामक हो रहे हैं। इलाके में कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। थानेदार श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि घायल पहलदिया देवी की मौत हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। बताया कि आवारा कुत्तों से निपटने के लिए उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई है।
कुत्तों के आतंक से लोगों में आक्रोश
बोचहां में कुत्तों के आतंक से लोगों में आक्रोश है। मैदापुर और शर्फुद्दीनपुर इलाके में आवारा कुत्ते मंडराते रहते हैं। इससे पहले कुत्ते के हमले में बेंगाई साह की मौत हो गई थी। मैदापुर की छात्रा सलोनी, छात्र आर्यन और रीता देवी अभी भी ठीक नहीं है। 23 फरवरी 2024 को शर्फुद्दीनपुर गुदरी बाजार से घर लौट रही मैदापुर पंचायत के वार्ड नौ निवासी 55 वर्षीया रीता देवी पर लगभग डेढ़ दर्जन कुत्तों ने हमला कर दिया। सिर से बाल सहित चमड़ी नोच लिया था। 1 अगस्त 2024 को फूल माला का कारोबार करने वाले शर्फुद्दीनपुर माली टोला वार्ड 8 निवासी जितेंद्र भगत व विभा देवी की तीसरी पुत्री तीसरी क्लास की छात्रा सलोनी को स्कूल से लौटते समय कुत्ते ने सिर से बाल सहित चमड़ी नोच लिया था। तीन दिन बाद ही 4 अगस्त को किराना दुकान में मजदूरी करने वाले मैदापुर के मुकेश साह के छोटे पुत्र आर्यन पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया था।
पारू में कुत्ते ने तीन साल की मासूम को मार डाला था
पारु के मुहजम्मा गांव में बीते साल 25 नवंबर को पालतू कुत्ते को एक युवक टहला रहा था। सड़क पर में खेल रहे बच्चों को देखकर कुत्ता खूंखार रूप धारण कर लिया। कुत्ते ने तीन साल की बच्ची शिवानी पर हमला कर दिया और उसका सर जबड़े में पकड़ लिया था। गंभीर रूप से घायल हुई कमलेश साहनी के तीन वर्षीय पुत्री को परिजनों ने एसकेएमसीएच में भर्ती कराया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
मीनापुर में कुत्ते के हमले में महिला हो गई थी घायल
मीनापुर के टेंगराहां गांव में आवारा कुत्ते ने भैंस को चारा दे रही फूलो देवी (43) पर बीते 17 दिसंबर को हमला कर दिया था। उसके चेहरे और हाथ पर कुत्ते के दांत के गहरे घाव हो गए। शोर मचाने पर लोग दौड़े तो कुत्ता भागा। किसी तरह उसकी जान बची। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। एसकेएमसीएच में इलाज कराया गया।

लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें



