35 रुपये किलो के भाव से मिलेंगे सस्ते प्याज, पटना में इन जगहों पर लगेंगी गाड़ियां; एक ग्राहक की लिमिट भी तय
प्याज का भाव 50 रुपये प्रति किलोग्राम से ऊपर पहुंच गया है, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है। इस बीच, एनसीसीएफ की ओर से पटना शहर में अलग-अलग जगहों पर गाड़ियां लगाकर 35 रुपये प्रति किलो के भाव से सस्ता प्याज बेचा जाएगा।

प्याज की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। इस बीच, बिहार की राजधानी पटना के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पटना के लोग महज 35 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से प्याज खरीद सकेंगे। शहर के अलग-अलग स्थानों पर सस्ता प्याज की गाड़ियां लगाई जा रही हैं। नेशनल कोऑपरेटिव फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनसीसीएफ) ने प्याज की महंगाई को रोकने के लिए यह कदम उठाया है। हालांकि, ग्राहक तय सीमा के अंदर ही प्याज खरीद सकेंगे।
एनसीसीएफ के प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि बुधवार को राजधानी के आधा दर्जन स्थानों पर प्याज वाहन लगाए जाएंगे। इन गाड़ियों से आम लोगों को 35 रुपये किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराया जाएगा। मंगलवार को भी कुछ जगहों पर इसी दर पर प्याज बेचा गया। दूसरी ओर, खुदरा बाजार और सब्जी मंडी में 50 से 55 रुपये प्रति किलो की दर पर प्याज बेचा जा रहा है। इससे आम लोगों खासकर गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है।
पटना में इन जगहों पर मिलेंगे सस्ते प्याज
एनसीसीएफ के विक्रय प्रतिनिधि ऋषभ सर्वहारा ने बताया कि पटना शहर के प्रमुख स्थानों पर सस्ते प्याज बेचने वालीं गाड़ियां लगाई जाएंगी। पहली गाड़ी गांधी मैदान के पास लगाई जाएगी। दूसरी गाड़ी, राजेंद्र नगर स्थित सब्जी मंडी के पास लगेगी। बोरिंग केनाल रोड चौराहा पर भी सस्ते प्याज की वाहन से बिक्री की जाएगी। इसके अलावा, एक गाड़ी मीठापुर में लगाई जाएगी।
हर ग्राहक को 2 किलो प्याज ही मिलेंगे
एनसीसीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, सीमित स्टॉक होने और अव्यवस्था से बचने के लिए प्रति ग्राहक प्याज खरीद की लिमिट तय की गई है। एनसीसीएफ की गाड़ियों से एक ग्राहक अधिकतम 2 किलो प्याज ही ले सकेगा।
दूसरे शहरों में भी मिलेंगे सस्ते प्याज!
एनसीसीएफ पटना के बाद अन्य शहरों में भी सस्ती दर पर प्याज की बिक्री शुरू करने पर विचार कर रहा है। भोजपुर में भी गाड़ियों से सस्ता प्याज ग्राहकों को उपलब्ध कराया जा सकता है। एनसीसीएफ के अधिकारी के अनुसार प्याज की उपलब्धता के आधार पर दूसरे जिलों में बिक्री की जाएगी।
प्याज और हरी सब्जियों की महंगाई ने बिगाड़ा बजट
रिपोर्ट्स के अनुसार, बिहार समेत कई राज्यों में प्याज और हरी सब्जियों के दाम अचानक बढ़ गए हैं। इससे रसोई का बजट बिगड़ रहा है। पटना में प्याज का भाव 50 रुपये से प्रति किलो से ऊपर चला गया है। गरीबों के भोजन का प्रमुख हिस्सा रहने वाले प्याज के महंगे होने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार चिंतित हैं। एनसीसीएफ की ओर से 35 रुपये किलो के भाव से प्याज की बिक्री से पटना के लोगों को महंगाई के बीच फौरी राहत मिल सकती है।


