'25 हजार में लड़कियां...' वाले बयान पर मंत्री पति पर हो कार्रवाई; बिहार महिला आयोग ने UK सीएम को लिखा पत्र

Jan 02, 2026 08:15 pm ISTsandeep लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के बिहार की लड़कियों पर दिए विवादित बयान पर बिहार राज्य महिला आयोग ने उत्तराखंड के सीएम को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। और इस बयान पर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और बिहार की महिलाओं के स्वाभिमान पर सीधा आघात माना है।

'25 हजार में लड़कियां...' वाले बयान पर मंत्री पति पर हो कार्रवाई; बिहार महिला आयोग ने UK सीएम को लिखा पत्र

बिहार राज्य महिला आयोग ने उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण और बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा बिहार की लड़कियों पर दिये गये आपत्तिजनक बयान की निंदा की है। मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में मंत्री पति गिरधारी लाल द्वारा बिहार की महिलाओं के संदर्भ में दिये गये बयान पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इसकी जानकारी देने को कहा गया है।

आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि मंत्री पति गिरधारी लाल साहू के बयान से बिहार की महिलाओं को गहरा आघात पहुंचा है और उनका अपमान हुआ है। आयोग इस बयान की निंदा करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण मानता है। आयोग इस बयान को बिहार की महिलाओं के स्वाभिमान पर सीधा आघात मानता है। आयोग ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उनके खिलाफ न्यायसंगत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

आपको बता दें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में गिरधारी लाल साहू को यह कहते सुना जा रहा है कि अगर शादी नहीं हो रही है तो 20–25 हजार में बिहार से लड़की खरीद लो। जिसके बाद बिहार समेत पूरे देश में इस बयान पर सियासत तेज हो गई है। आरजेडी समेत पूरा विपक्ष इस मामले पर बीजेपी पर हमलावर है। वहीं बढ़ते विवाद के बीच मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। साहू के मुताबिक, वो अपने एक दोस्त की शादी से जुड़ा किस्सा सुना रहे थे, और उनके शब्दों का गलत अर्थ निकाला गया।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।