चलती पुलिस जीप से कूदकर भाग गया आरोपी, गाड़ी दुकान में जा घुसी; हाथ मलते रह गए पुलिसकर्मी!
वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में शराब केस में गिरफ्तार दो आरोपियों में से एक थाने ले जाते समय फरार हो गया। आरोपी चलती पुलिस जीप की खिड़की से कूदकर भाग गया, गाड़ी बेकाबू होकर सड़क किनारे एक किराना दुकान में जा घुसी।

बिहार के वैशाली जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर चलती जीप से कूदकर भाग गया। गाड़ी में बैठे पुलिस वाले हाथ मलते रह गए। पुलिस की गाड़ी बेकाबू होकर एक दुकान में जा घुसी। मामला वैशाली जिले के बिदुपुर का है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिसकर्मी बोलने से कतरा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिदुपुर थाना की पुलिस ने गुरुवार को चकसिकंदर की ओर से दो लोगों को शराब के साथ पकड़ा। पुलिस जब उन्हें थाने लेकर आ रही थी। तभी बिदुपुर कुतुबपुर के पास एक आरोपी ने पुलिस गाड़ी की खिड़की से छलांग लगा दी और फरार हो गया। इसके बाद गाड़ी सड़क किनारे एक किराने की दुकान में जा घुसी। इससे दुकान के छप्पर टूट गए और बगल में खड़े लोग बाल-बाल बच गए।
फिलहाल पुलिस इस मामले पर कुछ भी बोलने से इनकार कर रही है। पुलिस टीम बड़ी मशक्कत के बाद दूसरे आरोपी को थाने लेकर आई। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों की बाइक को भी पुलिस ने जब्त किया था। बाइक को लेकर एक एसआई पुलिस जीप के पीछे चल रहा था। आरोपियों के साथ पुलिस के पदाधिकारी और गश्ती गाड़ी भी मौजूद थी। इसके बावजूद आरोपी के हिरासत से भाग जाने पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिस गाड़ी असंतुलित तरीके से सड़क पर चल रही थी। इसे देखकर किराना दुकान के पास खड़े 3-4 लोग इधर-उधर हटने लगे। तभी उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति पुलिस गाड़ी से कूदकर भाग गया और जीप दुकान में घुस गई। फरार आरोपी कौन था, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


