बेतिया में बाप-बेटे और नेपाली नागरिक समेत 3 की मौत, सीवान में अपनी ही स्कूल गाड़ी से बच्चा कुचल गया
बाइक की आमने-सामने टक्कर में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कंगली थाने के गाद गम्हरिया निवासी पिता-पुत्र और नेपाल का एक युवक शामिल है।

Bihar News: सिकटा थाना क्षेत्र के सैनिक सड़क स्थित अठाईस लाखा पुल के पास गुरुवार शाम दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कंगली थाने के गाद गम्हरिया निवासी पिता-पुत्र और नेपाल का एक युवक शामिल है। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अन्य युवक को जीएमसीएच, बेतिया से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, कंगली थाने के गाद गम्हरिया निवासी मलघोघ मियां (60) और उनका पुत्र नेयाज उर्फ मिठ्ठू मियां (30) गुरुवार को बैंकिंग कार्य से सिकटा आए थे। शाम करीब चार बजे लौटने के दौरान अठाईस लाखा पुल पर सड़क के गड्ढे से बचने के चक्कर में सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। जिसमें मलघोघ मियां, पुत्र नेयाज और नेपाल के भिस्वा निवासी अरमान मियां (25) की मौत हो गई। थानाध्यक्ष नीतीश कुमार मौर्य ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिस वाहन से छात्र उतरा, उसी से चली गई जान
इधर सीवान में जिस वाहन से बच्चा स्कूल से घर वापस जा रहा था ,उतरने के बाद उसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मामला नौतन थाना क्षेत्र की देवनचक का है। गुरुवार की दोपहर स्कूल बस से उतरने के बाद वाहन को घुमाने के क्रम में पांच वर्षीय छात्र मेदांत कुमार यादव उर्फ टुकटुक कुमार यादव गाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसकी पहचान इसी गांव के निवासी जयराम यादव के पुत्र के रूप में हुई है।
संदिग्ध स्थिति में दो युवकों की मौत
इधर, पूर्वी चंपारण के रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में दो युवकों की मौत हो गई है, जबकि आधा दर्जन लोग बीमार हो गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने शराब माफिया के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है। मृतकों में तुरकौलिया के जयसिंहपुर पुलवाघाट निवासी चंदू कुमार (22) और शंकर सरैया परसौना गांव निवासी अनवत यादव के पुत्र प्रमोद यादव (32) शामिल हैं। चंदू रघुनाथपुर में ई-रिक्शा चलाता था। सुबह में प्रमोद की आंखों की रोशनी कम होने के बाद शरीर में बेचैनी बढ़ रही थी। परिजनों ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्र में कैंप कर रही हैं। ग्रामीणों में चर्चा है कि जहरीली शराब के सेवन से घटना हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात चंदू ने पेट दर्द की शिकायत की थी। साधारण गैस की समस्या समझकर उसे दवा दी गई, लेकिन गुरुवार सुबह वह बिस्तर पर मृत पाया गया। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

