सारण में ओवरटेकिंग के दौरान हादसा; ट्रक में घुसी बाइक, दो कांवरियों की दर्दनाक मौत
सारण जिले में सड़क हादसे में दो कांवरियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रको ओवरटेक करने के दौरान खड़े ट्रक में बाइक घुस गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।

सारण जिले के मांझी के पास जय प्रभा सेतु पर सोमवार की देर शाम एक खड़े ट्रक से टकराकर बाइक सवार दो कांवरियों की मौत हो गयी। जेपी सेतु पर मौजूद राहगीरों ने पहले उन्हें जख्मी हालत में उठाकर मांझी सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे को चिंताजनक हालत में छपरा रेफर कर दिया। देर रात छपरा से पटना ले जाने के क्रम में दूसरे जख्मी ने भी दम तोड़ दिया। घटना जयप्रभा सेतु के दक्षिणी मुहाने पर पाया नम्बर चार और पांच के बीच की बताई जाती है। दोनों मृतक सारण जिले के लहलादपुर प्रखण्ड अंतर्गत दयालपुर गांव निवासी क्रमश: सुरेन्द्र मांझी के पुत्र दीपक कुमार मांझी (उम्र 20 वर्ष) और अनिल साह के पुत्र दीपक कुमार साह (उम्र 21 वर्ष) बताये गए हैं।
जानकारी के मुताबिक दीपक कुमार साह जनता बाजार पर आलू प्याज बेचता था जबकि दीपक मांझी किसी दूसरे प्रदेश में फैक्ट्री में प्राइवेट नौकरी करता था। सोमवार की शाम दो अलग- अलग अपाची बाइक पर सवार होकर छह कांवरिये रिविलगंज के सेमरिया घाट पर जलभरी के लिए अपने घर से निकले थे। इस बीच किसी रिश्तेदार से मिलने के उद्देश्य से वे सभी यूपी की सीमा में बैरिया चले गए।
बैरिया से वापसी के दौरान जयप्रभा सेतु पर एक ट्रक को ओवरटेक करते समय सेतु पर पहले से खड़े दूसरे ट्रक से मृतकों की बाइक टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो बाइक सवार बुरी तरह जख्मी हो गए। तीसरा बाइक सवार ठोकर खाने के बाद दूर जा गिरा। हालांकि उसे मामूली चोट ही लगी। सूचना पाकर पहुंची मांझी थाना की पुलिस ने दीपक कुमार मांझी के शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया जबकि क्षतिग्रस्त बाइक को चांद दियर पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी किसी तरह उठाकर ले गए।


