काम की बात: बिहार से हरियाणा के लिए चलेंगी एसी बसें, मुजफ्फरपुर समेत इन छह जिलों से खुलेंगी गाड़ियां

पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो
Follow us on Google News
share

बिहार सरकार ने हरियाणा में कार्यरत प्रवासी बिहारवासियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया है। दोनों राज्यों के बीच बस सेवा शुरू होगी।

बिहार-हरियाणा एसी बस सेवा

काम की खबर: बिहार और हरियाणा के बीच रोड कनेक्टिविटी सस्ती और आरामदायक होने वाली है। हरियाणा के लिए बिहार से एसी बसें चलेंगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के छह प्रमंडलों पटना, पूर्णिया, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा एवं भागलपुर से गुरुग्राम, अंबाला, सोनीपत, पानीपत सहित हरियाणा के अन्य शहरों के लिए बसों का नियमित परिचालन होगा। इस माह के अंत में सेवा प्रारंभ होने की उम्मीद है। कामकाज के लिए हरियाणा जाने वाले लोगों के लिए यह खुशी की खबर है।

बिहार सरकार ने हरियाणा में कार्यरत प्रवासी बिहारवासियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया है। दोनों राज्यों के बीच बस सेवा उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को हरियाणा में द्विपक्षीय इकरारनामा पर हस्ताक्षर हुआ। इकरारनामे पर राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन तथा हरियाणा सरकार की ओर से अपर मुख्य सचिव (परिवहन) राजा शेखर वुंडरु ने हस्ताक्षर किए। इस करार से दोनों राज्यों के बीच बेहतर संबंधों की शुरुआत होगी। सरकार के साथ जनता भी करीब आएगी और सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे।

कम किराए पर सुरक्षित व आरामदायक यात्रा

मौके पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा उपस्थित थे। इन बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार किया जाएगा, जिससे यात्रियों को विश्वसनीय एवं समयबद्ध परिवहन सेवा उपलब्ध हो सके। राज्य परिवहन आयुक्त ने बताया कि अब तक अधिकांश यात्रियों को निजी बसों अथवा अन्य महंगे परिवहन साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे उन्हें अधिक किराया देना पड़ता था। नई अंतरराज्यीय बस सेवा प्रारंभ होने से यात्रियों को कम किराये पर सुरक्षित, आरामदायक एवं विश्वसनीय सरकारी परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। लोगों में इस नई सेवा के प्रति रुझान भी दिख रहा है।

बिहार से काम के लिए बाहर जाते हैं बेरोजगार

दरअसल, बेरोजगारी बिहार राज्य की बड़ी समस्या है। राज्य में उद्योग धंधे की कमी की वजह से यहां के लोगों को रोजी-रोटी के लिए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मुंबई समेत गुजरात और अन्य राज्यों के विभिन्न औद्योगिक शहरों मे जाना पड़ता है। उनके सुविधापूर्ण और सुरक्षित आवागमन के लिए रेलवे की क्षमता कम है। खासकर पर्व त्योहार और लग्न के मौसम में यातायात बहुत कठिन हो जाता है। नौकरी, पेशा वाले स्थान से घर आने और फिर कम पर जाने में यात्रियों के पसीने छूट जाते हैं। प्राइवेट बस ऑपरेटर इसका नाजायज फायदा उठाकर अधिक कमाई के लिए यात्रियों से मनमानी करते हैं। इन्हीं कारणों से बिहार में सरकारी इंटर स्टेट सड़क परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।