आज तुम जहां दिखेगा तुमको मारेंगे.., सुबह धमकाया शाम में छात्र को मार दी गोली; बिहार में कांड
सुबह सत्यम नामक लड़के द्वारा उसे फोन कर बोला गया था कि आज तुम जहां दिखेगा तुमको मारेंगे। सोमवार की देर शाम वह ट्यूशन पढ़कर घर लौटने के क्रम में गायत्री चौक डिफेंस कॉलोनी के पास पहुंचा। तभी एक झोपड़ीनुमा घर से तीन लड़के अचानक निकले और उस पर पिस्टल तान दी। वह भागने लगा, तो उसे पीछे से गोली मार दी।

बिहार में एक छात्र को सुबह धमकी देने के बाद शाम को उसे गोली मार दी गई। भोजपुर जिले के आरा शहर में नवादा थाना क्षेत्र के गायत्री चौक स्थित डिफेंस कॉलोनी के समीप सोमवार की देर शाम बदमाशों ने कोचिंग से लौट रहे स्कूली छात्र को गोली मार दी। गोली उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी है। उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसका इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।जख्मी छात्र मूल रूप से अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के तेलाढ़ गांव निवासी राजीव राय का 16 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार है।
वह दसवीं कक्षा का छात्र है और वर्तमान में नवादा थाना क्षेत्र के जगदेव नगर गली नंबर 10 में अपने मकान में रहता है। छात्र के अनुसार मोहल्ले के लड़कों के विवाद में उसे गोली मारी गई है। इधर, सरेराह सूचना फायरिंग की घटना से मोहल्ले में सनसनी मच गयी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। घायल छात्र और उसके परिजनों से भी घटना की जानकारी ली। जख्मी अंकित कुमार ने बताया कि मोहल्ले के कुछ लड़कों का दूसरे मोहल्ले के लड़कों के बीच पूर्व में झगड़ा हुआ था। उसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है।
सोमवार की सुबह सत्यम नामक लड़के द्वारा उसे फोन कर बोला गया था कि आज तुम जहां दिखेगा तुमको मारेंगे। सोमवार की देर शाम वह ट्यूशन पढ़कर घर लौटने के क्रम में गायत्री चौक डिफेंस कॉलोनी के पास पहुंचा। तभी एक झोपड़ीनुमा घर से तीन लड़के अचानक निकले और उस पर पिस्टल तान दी। वह भागने लगा, तो उसे पीछे से गोली मार दी। उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। अंकित कुमार की ओर से सत्यम नामक लड़के पर पूर्व के झगड़े को लेकर गोली मारने का आरोप लगाया गया है।
बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। इधर, सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड मे ऑन ड्यूटी मौजूद ऑर्थो सर्जन डॉ. शैलेंद्र कुमार ने बताया कि छात्र को गोली बाएं पैर में घुटने के पिछले हिस्से में लगी है, जो अंदर फांसी हुई है। उसका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। उसकी स्थिति स्टेबल है।





