कैंसर पर कंट्रोल का बना खास प्लान, आर्सेनिक और यूरेनियम पर रिसर्च के लिए कोर ग्रुप; ये संस्थान शामिल
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने आगे बताया कि उक्त कोर ग्रुप में आईजीआईएमएस स्थित राज्य कैंसर संस्थान, मुजफ्फरपुर के एचबीसीएच एंड आरसी तथा महावीर कैंसर अस्पताल को शामिल किया गया है।

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा है कि कैंसर मरीजों के समुचित इलाज के लिए सरकार चिकित्सा व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ कर रही है। इसी क्रम में बिहार कैंसर केयर एवं सोसाइटी का गठन किया गया है। आर्सेनिक और यूरेनियम संबंधी शोध कार्य को बढ़ावा देने के लिए कोर ग्रुप का भी गठन किया गया है। राज्य में कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या और मौत के आंकड़ों को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने आगे बताया कि उक्त कोर ग्रुप में आईजीआईएमएस स्थित राज्य कैंसर संस्थान, मुजफ्फरपुर के एचबीसीएच एंड आरसी तथा महावीर कैंसर अस्पताल को शामिल किया गया है। इन संस्थानों में राज्य में कैंसर पर पहले से भी शोध का कार्य चल रहा है। उसमें नया चैप्टर जुड़ रहा है। मंत्री शुक्रवार को विस में पिछले कई वर्षों से सीमांचल क्षेत्र में बढ़ती कैंसर की रोगियों की संख्या को लेकर आये ध्यानाकर्षण का जवाब दे रहे थे। अख्तरूल ईमान के ध्यानाकर्षण पर मंत्री ने कहा कि अक्टूबर, 2022 से जनवरी 2026 तक सीमांचल के पांच जिलों अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्णिया और सुपौल में पांच लाख 87 हजार की प्रांरभिक जांच की गई है, जिनमें 646 को कैंसर रोगी पाये गये। उत्तर बिहार के जिलों खास तौर पर कैंसर मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
दंत सर्जन नियुक्ति में डोमिसाइल पर कार्रवाई कोर्ट निर्णय के बाद
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि दंत सर्जन की नियुक्ति में डोमिसाइल मामले पर कार्रवाई कोर्ट के निर्णय के बाद लिया जाएगा। उन्होंने शुक्रवार को विधानसभा में एक सवाल का उत्तर देते हुए कहा कि इस नियुक्ति का विज्ञापन वर्ष 2025 में निकला था, अभी यह मामला न्यायालय में गया है। कहा कि बिहार तकनीकी सेवा आयोग से प्रकाशित विज्ञापन 20/25 में 50 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण संबंधित प्रावधान किये गये हैं।
पारा मेडिकल 2023-24 सत्र की परीक्षा मार्च-अप्रैल में
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा है कि सत्र 2023-24 के पारामेडिकल, नर्सिंग और फार्मेसी संकाय के डिप्लोमा कोर्स के संस्थानों में संबद्धन, छात्र-छात्राओं के पंजीयन और परीक्षा फॉर्म भरवाने की कार्रवाई की जा रही है। मार्च-अप्रैल महीने में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री शुक्रवार को मंजीत कुमार सिंह के सवाल पर सरकार का उत्तर रख रहे थे। उन्होंने कहा कि सत्र 2024-25 के लिए संस्थानों के संबद्धता/अवधि विस्तार की कार्रवाई चल रही है। सत्र 2023-24 के छात्र-छात्राओं के परीक्षाफल प्रकाशन के बाद सत्र 2024-25 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए संबंधित विश्वविद्यालय को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। मंत्री ने कहा कि कोर्स के संबंधन एवं परीक्षा का कार्य बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय को प्रदान करने संबंधी आदेश की वैधता को पटना उच्च न्यायालय में कई संस्थानों की ओर से चुनौती देने तथा न्यायालय आदेश द्वारा पारित स्थगन निर्देश प्रभावी रहने के कारण परीक्षा में विलंब हुआ।
यह भी बताया कि राज्य में नर्सिंग के कुल नामांकन क्षमता 27,818 फार्मेसी के 4740 और पारामेडिकल डिप्लोमा और सर्टिफिकेट के 11,925 हैं।

लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें


