
Bihar Crime: मुंह में कपड़ा ठूंसा, गोद दिया गला; वाल्मीकिनगर में 28 दिन के नवजात को दर्दनाक मौत दी गई
Bihar Crime News: 28 दिन के लक्की कुमार की हत्या अज्ञात अपराधियों ने कर दी। हत्यारों ने बच्चे के मुंह में कपड़ा ठूसने के बाद गले को नुकिले हथियार से गोद दिया था
Bihar Crime News: बिहार के पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में 28 दिनों के एक नवजात बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गयी। वाल्मीकिनगर थाना के रमपुरवा पंचायत स्थित थारू टोला वार्ड नं. सात निवासी उमेश चौतरिया के के पुत्र लक्की कुमार की हत्या अज्ञात अपराधियों ने कर दी है। घटना शुक्रवार की रात 12 बजे की है। हत्यारों ने बच्चे के मुंह में कपड़ा ठूसने के बाद गले को नुकिले हथियार से गोद दिया था। बच्चे का शव घर के पीछे अहाते में मिला है। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दिया है।

घटना को लेकर वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मुकेश चन्द्र कुमार ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने मौके पर छानबीन की है। शीघ्र ही इस हत्याकांड का उद्भेदन कर लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही बच्चे के हत्यारों को दबोच लिया जाएगा। पुलिस को घटना स्थल से महत्वपूर्ण लीड भी मिले हैं।
मृत बच्चे की मां प्रीति कुमारी ने बताया कि रात्रि 12 बजे वह शौच के लिए घर से बाहर निकली। बिछावन पर उनके पति उमेश चौतरिया, बेटी भूमिका कुमारी (3) तथा बेटा लक्की कुमार सोए हुए थे। शौच करके वह वापस लौटी तो देखा कि बच्चा बिछावन पर नहीं था। यह देखकर उसने पति को जगाया। बच्चे को नहीं देखकर मां रोने चिल्लाने लगी।
परिवार के लोगों के शोर मचाने पर आसपड़ोस के लोग जग गए। सभी उसकी खोजबीन करने लगे। बच्चे का शव उसके घर के पीछे अहाते में पड़ा हुआ था। शव देखकर घरवाले रोने चिल्लाने लगे। उसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना वाल्मीकिनगर पुलिस को दी। रात में ही पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अगले दिन एफएसएल की टीम घटना स्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से साक्ष्यों का संकलन किया।





