
इश्क, पैसा और बदले की भेंट चढ़ा 9 साल का मासूम? पिता के अवैध संबंध में बेटे की हत्या
नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में 9 साल के एक बच्चे की हत्या का मामला सामने आया है। परिजन ने एक युवती पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसका बच्चे के पिता के साथ अफेयर चल रहा था। युवती ब्लैकमेल कर रही थी।
बिहार के नालंदा जिले में पिता के अवैध संबंध में 9 साल के मासूम बेटे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चंडी थाना क्षेत्र के कल्याणपुर बाली गांव में सोमवार शाम से लापता अंकित कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह गांव के ही खजाना खंधा से उसका शव मिला। इससे पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। घटना के पीछे अंकित के पिता का एक युवती से अवैध संबंध और रुपयों की मांग पूरी न होने पर दी गई धमकी की बात सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि प्यार, पैसा और प्रतिशोध के खूनी खेल ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दी। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच में जुट गई है।
निरंजन कुमार का बेटा अंकित सोमवार शाम घर के पास ही दुकान से सामान लाने निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजन ने अनहोनी की आशंका में खोजबीन शुरू की। मगर, उसका कहीं पता नहीं चल पाया। मंगलवार सुबह जब गांव के लोग मॉर्निंग वॉक के लिए खंधा की ओर निकले, तो वहां अंकित का बेजान शरीर पड़ा देख दंग रह गए। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। अंकित के गले पर रस्सी के गहरे निशान थे। इससे गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई गई।
प्रेम जाल और उगाही का खेल:
मृतक के चाचा ने इस हत्याकांड में एक युवती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनके भाई (निरंजन) को एक युवती ने अपने प्रेम जाल में फंसा रखा था। वह युवती अक्सर पैसों और जेवरों के लिए दबाव बनाती थी। हाल ही में जब परिवार ने उसे रुपये देने से मना किया, तो उसने भाई या उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी थी। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि दो दिन पहले युवती ने पिता के मोबाइल पर धमकी भरा मैसेज भेजा गया था। जल्द ही आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लोगों में आक्रोश
मासूम की हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर करौटा-सालेहपुर मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर उतरे लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया।





