
बिहार में 9 साल की बच्ची की बेहरमी से हत्या; सिर में चाकू घोंपकर मार डाला, कुएं में फेंका शव
रोहतास जिले में 9 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार को घर से लापता हुई कक्षा-2 की छात्रा का शव कुएं में मिला। छात्रा के सिर पर चाकू से वार कर हत्या की गई है। ग्रामीणों का कहना था कि हत्या कर कुएं में बच्ची को फेंका गया है।
बिहार के रोहतास जिले के चेनारी थाना इलाके के छितराटांड़ गांव में गुरुवार की शाम रहस्यमय ढंग से लापता नौ वर्षीय छात्रा की शुक्रवार की सुबह कुएं से लाश मिली। छात्रा के सिर पर चाकू से वार कर हत्या की गई है। लाश छिपाने के लिए कुएं में फेंक दिया गया था। पुलिस ने गांव से सटे कुएं से शव को बरामद की है। मृतक छात्रा लखन सिंह यादव की नौ वर्षीय पुत्री आकृति कुमारी बताई जाती है। वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय छितराटांड़ में कक्षा दो की छात्रा थी। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड व एफएसएल टीम घटना की जांच कर रही है।
परिजनों ने बताया कि गांव के विद्यालय में परीक्षा चल रही है। गुरुवार को उक्त छात्रा की परीक्षा नहीं थी। इसलिए वह घर पर ही थी लेकिन शाम पांच बजे के बाद वह लापता हो गई। घरवालों ने शाम साढ़े छह बजे के बाद खोजना शुरू किया। कहीं पता नहीं चला तो रात में ही स्थानीय थाने को सूचना देकर गुमशुदगी कीरिपोर्ट दर्ज करायी गई। बताया कि शुक्रवार की सुबह 11 बजे के आस-पास घर से तीन सौ मीटर पूरब जामुन के पेड़ के पास कुएं में लाश देखी गयी।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। कुएं से शव निकालने के बाद देखा कि छात्रा के सिर पर चाकू से वार कर हत्या की गई है और वहां से खून का रिसाव हो रहा था। ग्रामीणों का कहना था कि हत्या कर कुएं में बच्ची को फेंका गया है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष जीतेंद्र कुमार ने बताया कि कुएं से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा गया है।





