गयाजी में लगेगा स्टील कारखाना, श्याम स्टील ने 5000 करोड़ का निवेश प्रस्ताव सौंपा, 8 हजार नौकरी मिलेगी

Feb 12, 2026 10:00 pm ISTSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

बिहार के गयाजी में श्याम स्टील 10 लाख टन सालाना क्षमता का स्टील कारखाना लगाने को तैयार है। कंपनी ने नीतीश सरकार को 5000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव सौंपा है। इस स्टील प्लांट से 8000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

गयाजी में लगेगा स्टील कारखाना, श्याम स्टील ने 5000 करोड़ का निवेश प्रस्ताव सौंपा, 8 हजार नौकरी मिलेगी

बिहार के हर जिले में औद्योगिक इकाई का चुनावी वादा पूरा करने में नीतीश सरकार का काम शुरू हो गया है। श्याम स्टील गया के प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में स्टील कारखाना लगाएगी। कंपनी ने नीतीश कुमार सरकार सौंपे प्रस्ताव में राज्य में 5000 करोड़ रुपये का निवेश करने पर सहमति जताई है। गायजी में स्टील प्लांट लगने से राज्य में हजारों की संख्या में नौकरी और रोजगार के साथ स्टील प्रोडक्शन में भी बढ़ोतरी होगी। सरकार अगले पांच सालों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। गयाजी में स्टील प्लांट लगने से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर आठ हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।

उद्योग मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। जायसवाल ने कहा कि कंपनी गया-डोभी रोड स्थित प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे में एक अत्याधुनिक स्टील का कारखाना स्थापित करेगी। उद्योग मंत्री ने बताया कि श्याम स्टील इस परियोजना के तहत 10 लाख टन सालाना क्षमता की स्टील विनिर्माण इकाई लगाएगी। इस परियोजना से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ-साथ लगभग आठ हजार लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है।

इधर राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा है कि बिहार में उद्योग लगाने में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। वे गुरुवार को उद्योग वार्ता के दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर रहे थे। उन्होंने संबंधित विभागों को भुगतान और उद्योग स्थापना से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का आदेश दिया।मुख्य सचिव ने कहा कि बिहार के औद्योगीकरण को गति देने और निवेशकों की राह आसान करने के उद्देश्य से उनके साथ सीधा संवाद किया जाता है। राज्य सरकार बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्पित है। बाहरी निवेशकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह बैठक पटना एयरपोर्ट के समीप आयोजित की गई थी। बैठक में कुल 14 निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने ए-आई ऑक्सीजन प्लांट, चीनी मिल और वित्त आदि से संबंधित अपने प्रस्ताव और समस्याएं रखीं।

चुनाव से पहले एनडीए ने अपनी घोषणा पत्र में वादा किया था कि राज्य के हरेक जिले में कम से कम एक औद्योगिक इकाई स्थापित की जाएगी जहां स्थानीय जनों को नौकरी और रोजगार का मौका मिलेगा। इसी के तहत गयाजी में स्टील इंडस्ट्री की यूनिट श्याम स्टील की ओर से लगाई जा रही है। राज्य के अन्य जिलों में भी इंडस्ट्री स्थापित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। उद्योग मंत्री ने बताया कि नए उद्यमियों को सरकार प्रोत्साहन दे रही है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।