UP-बिहार की लाइफलाइन पर बड़ा खतरा, गौतम बुद्ध पुल के पिलरों में बढ़ा 5 इंच का गैप; कभी भी टूट सकता है संपर्क

Jayendra Pandey हिन्दुस्तान, मधुबनी
Follow us on Google News
share

Bihar UP Bridge Crack: बिहार-यूपी को जोड़ने वाले धनहा गौतम बुद्ध पुल के पिलर नंबर 30 और 31 के बीच 5 इंच का गैप आ गया है। प्रशासन तकनीकी जांच कराकर जल्द मरम्मत की तैयारी में जुटा है।

UP-बिहार की लाइफलाइन पर बड़ा खतरा, गौतम बुद्ध पुल के पिलरों में बढ़ा 5 इंच का गैप; कभी भी टूट सकता है संपर्क

Bihar UP Bridge Crack: बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमाओं को आपस में जोड़ने वाली लाइफलाइन कहे जाने वाले धनहा गौतम बुद्ध पुल पर इस समय एक बहुत बड़ा खतरा मंडरा रहा है। पश्चिम चंपारण के मधुबनी प्रखंड क्षेत्र के धनहा में बने इस महत्वपूर्ण पुल के पिलर नंबर 30 और 31 के बीच अचानक लगभग 5 इंच का बड़ा गैप बन गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि महज छह महीने पहले तक इन दोनों पिलरों के बीच की दूरी सिर्फ 3 इंच थी, जो अब तेजी से बढ़कर 5 इंच पर पहुंच चुकी है। पिलरों के इस तरह अलग होने से पुल के कभी भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आस-पास के स्थानीय लोग बेहद सहमे और डरे हुए हैं।

भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ रही दरार

बता दें कि पुल से भारी वाहनों के लगातार और चौबीसों घंटे गुजरने के कारण दोनों पिलरों के बीच का यह गैप धीरे-धीरे और चौड़ा होता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों मुन्ना ओझा, रामनाथ यादव और विकास कुमार समेत कई लोगों का कहना है कि पुल निर्माण के समय ये पिलर आपस में पूरी तरह जुड़े हुए थे। तकनीकी रूप से इस ज्वाइंट पिलर के बीच की दूरी महज 25 एमएम होनी चाहिए, लेकिन अब यह बढ़कर 78 से 80 एमएम (करीब 5 इंच) तक जा पहुंची है। रिटायर्ड इंजीनियर हरेंद्र किशोर राव और अन्य एक्स्पर्ट्स ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, तो यह कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकता है और भूकंप आने की स्थिति में इस हिस्से को सबसे ज्यादा खतरा रहेगा।

बगहा के चार प्रखंड सीधे तौर पर होंगे प्रभावित

इस इकलौते पुल के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में बिहार के बगहा पुलिस जिले के गंडक पार के चार प्रमुख प्रखंड सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। मधुबनी, ठकराहा, पिपरासी और भितहा प्रखंड के हजारों लोग रोजमर्रा के बाजार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर पूरी तरह उत्तर प्रदेश पर ही निर्भर हैं। आपको बता दें कि इस पुल का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा कराया गया था और 26 नवंबर 2013 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका उद्घाटन किया था। इस गंभीर मामले पर मधुबनी के बीडीओ कुंदन कुमार ने कहा है कि पुल की तकनीकी जांच कराई जाएगी और इसकी रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जा रही है, जिसके बाद तुरंत आगे की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। वर्तमान में वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'हिन्दुस्तान' की बिहार टीम के लिए राजनीति, क्राइम और जनसरोकार से जुड़ी बड़ी खबरों को बेहद आक्रामकता और गहराई के साथ कवर कर रहे हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।