इंडिगो संकट के 7वें दिन भी बिहार की 20 फ्लाइट रद्द, अब तक 172 उड़ानों पर लगा ग्रहण
इंडिगो संकट के चलते लगातार सातवें दिन सोमवार को बिहार की 20 फ्लाइट रद्द रहीं। मंगलवार को भी दो दर्जन से ज्यादा उड़ानें कैंसल रहेंगी। पटना, गया, पूर्णिया और दरभंगा एयरपोर्ट से बीते 7 दिनों में 172 फ्लाइट रद्द हो चुकी हैं, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी हुई है।
इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान सेवा सातवें दिन भी प्रभावित रही। सोमवार को पटना आने-जाने वाली 18 और दरभंगा की दो समेत देशभर 500 से अधिक उड़ाने रद्द की गईं। इंडिगो की उड़ानें लगातार रद्द होने से यात्रियों को मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। अब तक 827 करोड़ रुपये का रिफंड किया जा चुका है। इंडिगो संकट के चलते पिछले सात दिनों में बिहार के चार हवाई अड्डों (पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया) से आने-जाने वाली 172 उड़ानें रद्द हुईं। इनमें सिर्फ पटना एयरपोर्ट से आने-जाने वाले 146 विमान शामिल हैं।
विमानन कंपनी ने रिफंड कर अपना पल्ला तो झाड़ लिया, लेकिन विमानों के रद्द होने का खामियाजा यात्रियों को कई तरह से भुगतना पड़ा। कई यात्रियों के जरूरी काम छूट गए। बड़ी मुश्किल से कुछ यात्री सामान्य से पांच-छह गुना ज्यादा किराया देकर दिल्ली, मुंबई या बेंगलुरु पहुंचे।
पटना से स्पाइसजेट के भी दो विमान सोमवार को रद्द रहे। मंगलवार को भी पटना से आने-जाने वाली इंडिगो की 24 जोड़ी विमान रद्द रहेंगे। जिन फ्लाइट को रद्द किया गया, उनके यात्रियों को गंतव्य तक जाने के लिए किराये के रूप में मोटी रकम खर्च करनी पड़ रही है। इंडिगो के काउंटर से यात्रियों को नया टिकट जारी करना बंद है। जो यात्री पहले से टिकट ले चुके हैं, उनके टिकट को कैंसिल या री-शेड्यूल किए जा रहे हैं।
पटना एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के टिकट काउंटर से तीन दिनों तक किसी भी शहर जाने को टिकट नहीं है। मुंबई से दरभंगा आने और जाने वाली इंडिगो की उड़ान सोमवार को रद्द रही। पटना एयरपोर्ट पर मंगलवार को भी 24 जोड़ी विमान रद्द रहेंगे।
पूर्णिया से दिल्ली की फ्लाइट आज कैंसल
पूर्णिया एयरपोर्ट से मंगलवार को दिल्ली की फ्लाइट 6 ई-(6559/6560) कैंसल कर दी गई है। सोमवार को पांच दिनों के बाद सभी 10 विमानों का परिचालन पूर्णिया से हुआ। पांच विमानों का आगमन हुआ, जबकि पांच विमानों का प्रस्थान। तीन दिनों के बाद 6-ई 5935/5936 (हैदराबाद-पूर्णिया-हैदराबाद) फ्लाइट सोमवार को समय पर आई और रवाना हुई। इसके अलावा दिल्ली, अहमदाबाद और कोलकाता की फ्लाइट भी आई और गई। इससे हवाई यात्रियों ने राहत की सांस ली।
हालांकि यह खुशी तब काफूर हो गई, जब यह जानकारी मिली कि मंगलवार को दिल्ली की फ्लाइट कैंसल कर दी गई है। मतलब विमानन कंपनी इंडिगो की उड़ान सेवाएं मंगलवार को भी प्रभावित रहने वाली हैं। इससे पहले भी ऑपरेशनल रीजन से तीन दिनों तक दिल्ली की फ्लाइट कैंसल कर दी गई थी।





