Bihar Election: बिहार चुनाव में 192 विधायकों की किस्मत दांव पर, सबसे अधिक MLA इस दल से लड़ रहे चुनाव
Bihar Election: निर्दलीय मैदान में उतरने वालों में बरबीघा से सुदर्शन कुमार, कहलगांव से पवन कुमार यादव, कसबा से मो. आफाक आलाम, पारू से अशोक कुमार सिंह, गोपालपुर से नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल और गोबिंदपुर से मो. कामरान का नाम शामिल है।
Bihar Election: 17वीं बिहार विधानसभा के 243 विधायकों में से 79 फीसदी यानी 192 विधायक एक बार फिर विधानसभा चुनाव मैदान में हैं। 18वीं विधानसभा के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों ने इनको मौका दिया है। वर्ष 2020 में जीते सबसे अधिक 62 विधायक इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इसके बाद राजद ने 46, जदयू ने 41 और कांग्रेस ने 12 सीटिंग विधायकों को टिकट दिया है। भाकपा (माले) से 11, हम सेकुलर से चार और सीपीआई-सीपीएम से भी दो-दो विधायक फिर चुनाव मैदान में उतरे हैं।
पुन: चुनाव लड़ रहे 192 विधायक दल बदल कर चुनाव मैदान में उतरे हैं, वहीं तीन विधायकों ने अपना विधानसभा क्षेत्र भी बदला है। किसी दल से टिकट नहीं मिलने पर छह विधायक निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। 2020 में राजद से जीते नौ, जदयू के चार विधायक, कांग्रेस के तीन, भाजपा के दो एवं वीआईपी, एआईएमआईएम, बसपा और निर्दलीय जीते एक-एक विधायक भी पाला बदल कर चुनाव लड़ रहे हैं।
दल-बदलने वालों में पांच जदयू से, चार भाजपा से, तीन राजद से, दो जनशक्ति जनता दल से और एक-एक लोजपा (रा) एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे हैं। निर्दलीय मैदान में उतरने वालों में बरबीघा से सुदर्शन कुमार, कहलगांव से पवन कुमार यादव, कसबा से मो. आफाक आलाम, पारू से अशोक कुमार सिंह, गोपालपुर से नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल और गोबिंदपुर से मो. कामरान का नाम शामिल है।
क्षेत्र बदल चुनाव लड़ने वालों में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव, कुमार कृष्ण उर्फ सुदय यादव और चेतन आनंद शामिल हैं। पिछली बार हसनपुर से राजद के टिकट पर जीते तेजप्रताप इस बार महुआ से नयी पार्टी जनशक्ति जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह, जहानाबाद के विधायक रहे सुदय यादव कुर्था से राजद के ही टिकट पर, जबकि शिवहर से राजद विधायक रहे चेतन आनंद नवीनगर से जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
किन-किन दलों ने कितने सीटिंग विधायक को टिकट दिए
भाजपा - 62
राजद - 46
जदयू - 41
कांग्रेस - 12
सीपीआई (एमएल) - 11
हम सेकुलर - 04
सीपीआई - 02
सीपीएम - 02
लोजपा (रा) - 01
एआईएमआईएम - 01
आजाद समाज पार्टी (काशीराम) - 01
निर्दलीय - 06





