मोबाइल से दोस्ती, शादी का झांसा; पटना के गेस्ट हाउस में 15 साल की नाबालिग से दोस्त ने किया रेप, FIR दर्ज
आरोपी और पीड़िता के बीच मोबाइल के जरिए दोस्ती हुई। उसने नाबालिग लड़की के साथ पटना के एक गेस्ट हाउस में ले जाकर रेप किया।

बिहार की राजधानी पटना में 15 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ हैवानियत का खेल खेला गया। उसके एक दोस्त ने शादी का झांसा देकर प्रेम जाल में फंसाया और पटना जंक्शन के पास एक गेस्ट हाउस में ले जाकर दुष्कर्म किया। परिजन शुक्रवार को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो (बच्चों को यौन अपराधों से बचाना) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों के बीच मोबाइल से जरिए करीब दस माह पहले दोस्ती हुई थी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है। पीड़िता का मेडिकल जांच और कोर्ट में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है।
घटना बीते सोमवार की बताई जा रही है। पटना सिटी निवासी पीड़िता के मुताबिक कुछ माह पहले एक युवक से उसका परिचय हुआ था। आरोपी भी 18 साल का युवक है। दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होने लगी। इस दौरान युवक ने उसे झांसा देकर शादी करने का भरोसा दिलाया। 31 अगस्त को आरोपी पीड़िता से मिलने पटना आया और लड़की को रेलवे जंक्शन के पास एक गेस्ट हाउस में बुलाकर ले गया। दोनों रात में वहीं एक कमरा लेकर रुके। आरोप लगाया गया है कि इस दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाया।
रात में घर नहीं पहुंची लड़की
रात में घर नहीं पहुंचने से परिवार के लोग परेशान हो गए। अगले दिन जब पीड़िता घर पहुंची और परिजनों ने उससे रातभर बाहर रहने का कारण पूछा तो पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद घरवाले उसे लेकर थाने पर पहुंच गए। पुलिस ने बयान लेकर एफआईआर दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश कर रही है।
पिछले नौ-दस महीने से दोस्ती थी
पुलिस के मुताबिक पीड़िता और आरोपित युवक के बीच पिछले नौ-दस महीने से दोस्ती थी। दोनों लगातार मोबाइल फोन पर बातचीत करते थे। आरोपित के संबंध में पीड़िता कुछ विस्तृत जानकारी नहीं दे पा रही है। उसे यह भी नहीं पता कि युवक कहां का रहने वाला है। उसके पास केवल आरोपी का मोबाइल नंबर ही है। इससे आरोपी की शिनाख्त और छानबीन में दिक्कत हो रही है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है। इसके बाद कोर्ट के समक्ष उसका बयान दर्ज कराया जाएगा। पुलिस ने कहा मामले की जांच की जा रही है। आरोपित खोजने की कोशिश की जा रही है।


