
14 साल के लड़के ने 9 साल की बच्ची का किया रेप, लोगों ने पकड़कर धुनाई कर दी
दरभंगा जिले के जाले के एक गांव में 14 साल के एक लड़के ने 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म कर लिया। बच्ची की शिकायत के बाद गांव वालों ने आरोपी लड़के को पकड़कर जमकर धुनाई कर दी। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
बिहार के दरभंगा जिले में 14 साल के एक लड़के ने 9 साल की बच्ची का रेप कर दिया। घटना जाले थाना क्षेत्र के एक गांव की है। मामला सामने आने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने नाबालिग लड़के को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लड़के को हिरासत में लिया। वहीं, बच्ची को अस्पताल ले जाकर उसकी मेडिकल जांच करवाई गई। बच्ची के परिजन की शिकायत पर रेप केस दर्ज कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि बच्ची और आरोपी लड़का दोनों ही एक ही गांव के रहने वाले हैं। उनका घर आमने-सामने ही है। यह घटना शुक्रवार 11 जुलाई की है। शाम में करीब 3-4 बजे बच्ची बकरी चराने गई थी। आरोपी लड़का वहां पर पहले से मौजूद था। आरोप है कि उसने वहां पर बच्ची से जबरन रेप किया। बच्ची ने अपने परिजन को आपबीती बताई।
थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि पीड़िता के पिता के बयान के आधार पर इस मामले में तत्काल दुष्कर्म से संबंधित एफआईआर स्थानीय थाने में दर्ज कर ली गई है। आरोपी नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया गया है। महिला पुलिस की अभिरक्षा में बच्ची को मेडिकल जांच के लिए दरभंगा स्थित डीएमसीएच भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद गांव में दो गुटों के बीच तनाव की स्थिति है। इसे देखते हुए एसडीपीओ सदर-टू एसके सुमन के नेतृत्व में पुलिस नजर बनाए हुए है।





